ईरान युद्ध को रिपब्लिकन की हार की वजह बताकर घिरे जेडी वेंस? ट्रंप जूनियर ने किया समर्थन, पार्टी के भीतर मतभेद उजागर
जेडी वेंस ने ईरान युद्ध को बताया हार की वजह
जेडी वेंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि रिपब्लिकन पार्टी की हार की वजह ईरान युद्ध है। उन्होंने इसके साथ बढ़ती महंगाई और अमेरिकी विदेश नीति को लेकर मतदाताओं की चिंताओं का समाधान नहीं कर पाने को भी चुनावी नतीजों से जोड़ा।
वेंस ने लिखा, “हम युद्ध की वजह से हारे हैं। कल रात खुद राष्ट्रपति ने भी यही बात कही थी।” उन्होंने कहा कि अगर कोई इस युद्ध को जायज ठहराना चाहता है और अगले छह साल के लिए सीनेट में हार को इसकी कीमत मानता है, तो ऐसा कर सकता है। लेकिन कम से कम उसे इस बात को ईमानदारी से स्वीकार करना चाहिए।
ट्रंप जूनियर ने पोस्ट रीपोस्ट कर दिया समर्थन
जेडी वेंस की पोस्ट के करीब एक घंटे बाद डोनल्ड ट्रंप जूनियर ने उसे रीपोस्ट किया। उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “इसकी हर एक बात बिल्कुल सही है।” ट्रंप जूनियर के इस समर्थन को ईरान युद्ध और चुनावी हार को लेकर पार्टी के भीतर चल रही बहस के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
वेंस बोले- हार के कारणों पर ईमानदार चर्चा जरूरी
अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने अपनी पोस्ट में आगे कहा कि हर कोई जानता है कि रिपब्लिकन पार्टी चुनाव क्यों हारी। उनके मुताबिक, आगे की रणनीति पर कोई भी ईमानदार चर्चा इसी स्वीकारोक्ति से शुरू होनी चाहिए।
वेंस ने यह भी कहा कि वह अब भी अपने देश को लेकर आशावान हैं। उन्होंने उन लोगों की बात का भी जिक्र किया, जिन्होंने पहले ही युद्ध के संभावित राजनीतिक नुकसान को लेकर चेतावनी दी थी। वेंस ने ऐसे लोगों से अपनी नाराजगी को सही दिशा देने और अपनी सोच से मेल खाने वाले रिपब्लिकन नेताओं को चुनने की अपील की।
उन्होंने कहा कि चुनावी नतीजों से नाराज लोगों को देश के लिए फिर से काम में जुटना चाहिए। इस तरह वेंस ने हार के कारणों पर आत्ममंथन करने और पार्टी के भीतर जवाबदेही तय करने की जरूरत पर जोर दिया।