उत्तरकाशी में गंगोत्री हाईवे पर दर्दनाक हादसा! भागीरथी नदी में गिरी इनोवा, अब तक चार लोगों के शव बरामद

0 23

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गुरुवार सुबह गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा हादसा हो गया। गंगनानी के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में जा गिरी। हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया, जिसमें अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वाहन में कुल सात लोग सवार थे। अन्य लोगों की तलाश के लिए नदी में सर्च ऑपरेशन जारी है।

गुजरात के साबरमती क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे यात्री

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी यात्री गुजरात के साबरमती क्षेत्र के निवासी थे। वे उत्तरकाशी से गंगोत्री धाम की ओर जा रहे थे। हालांकि, यात्रियों के नाम, पते और पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

नदी किनारे से मिले चार लोगों के शव

यह हादसा गंगनानी में गर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर हुआ। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर राहत और बचाव दल सक्रिय हो गए। स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं।

रेस्क्यू टीमों ने अभियान चलाकर नदी किनारे से चार लोगों के शव बरामद किए। बाकी लोगों की तलाश के लिए जल पुलिस और गोताखोर तेज बहाव वाली भागीरथी नदी में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

NDRF की 27 सदस्यीय टीम भी रेस्क्यू में जुटेगी

हादसे की गंभीरता को देखते हुए मनेरा से एनडीआरएफ की 27 सदस्यीय टीम को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। प्रशासनिक अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। आपदा कंट्रोल रूम और पुलिस यात्रियों की पहचान और उनके पते की पुष्टि करने में जुटे हैं।

आपदा प्रबंधन केंद्र और चिकित्सा दल को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी घायल के मिलने पर उसे तुरंत उपचार मिल सके। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.