जेवर में 1,200 करोड़ का निवेश, योगी ने रखी ट्रैक्टर प्लांट की नींव; 1,200 लोगों को मिलेगा रोजगार, यूपी को बताया निवेश का नया गहना

0 25

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश और विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने की दिशा में गुरुवार को एक बड़ी पहल हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से गौतमबुद्धनगर के जेवर स्थित यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सेक्टर-8 में सीएनएच इंडस्ट्रियल के आधुनिक ट्रैक्टर विनिर्माण प्लांट की आधारशिला रखी। करीब 1,200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस इकाई के लिए कंपनी को 100 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। परियोजना से लगभग 1,200 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से भी रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जेवर आज भारत के ‘गहने’ के रूप में निवेश के लिए सबसे बेहतर गंतव्य बनकर उभरा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यीडा क्षेत्र में विकसित हो रही औद्योगिक परियोजनाओं के कारण यह इलाका आने वाले समय में बड़े औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक केंद्र के रूप में स्थापित होगा।

‘बुलडोजर यूपी का ब्रांड बन चुका है’

योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति तथा बुलडोजर की कार्रवाई ने उत्तर प्रदेश को निवेश के प्रमुख केंद्रों में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड बन चुका है। यदि कंपनियां यहां बुलडोजर और ट्रैक्टर का निर्माण करेंगी तो देश-विदेश में इनकी मांग अपने आप बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री ने जेवर क्षेत्र के किसानों और जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ यीडा क्षेत्र का विकास तेजी से हो रहा है। यहां एचसीएल-फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी परियोजनाएं आकार ले रही हैं। इनसे क्षेत्र में निवेश और रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी।

15 लाख करोड़ रुपये का निवेश जमीन पर उतरा

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि केंद्र और प्रदेश सरकार के प्रयासों से पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से करीब 15 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। वहीं, आगामी इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से लगभग 7.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग की तैयारी है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है। एमएसएमई इकाइयों की संख्या एक करोड़ तक पहुंच गई है, जबकि स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो चुकी है। योगी ने कहा कि कभी बीमारू राज्यों में गिने जाने वाला उत्तर प्रदेश अब देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य पर काम कर रहा है।

आईटी से लेकर एग्रीटेक तक खुल रहे रोजगार के नए रास्ते

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, इंफोसिस और एचसीएल जैसी कंपनियों के साथ मिलकर युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को कौशल से जोड़कर उद्योगों के लिए तैयार कार्यबल विकसित करना है।

उन्होंने कहा कि आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर सुरक्षा, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे उभरते क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश नवाचार और रोजगार के नए अवसर पैदा कर रहा है। सरकार सीएनएच परियोजना को सफल बनाने के लिए कंपनी को हरसंभव सहयोग और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।

कृषि यंत्रीकरण को मिलेगी मजबूती

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएनएच इंडस्ट्रियल का यह प्लांट कृषि मशीनरी और ट्रैक्टर निर्माण के क्षेत्र में प्रदेश की क्षमता को बढ़ाएगा। भारत के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 18.5 प्रतिशत है। ऐसे में इस परियोजना से न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि कृषि यंत्रीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि प्रदेश में निवेश का माहौल बेहतर होने और कानून-व्यवस्था मजबूत होने से बड़ी औद्योगिक परियोजनाएं आ रही हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में निवेश के साथ एमएसएमई और स्थानीय उद्यमियों के लिए भी नए अवसर बन रहे हैं।

कृषि एवं कृषि शिक्षा राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि इस औद्योगिक इकाई की स्थापना किसानों और युवाओं के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्लांट से बनने वाले उत्पाद जल्द किसानों तक पहुंचेंगे और उन्हें आधुनिक कृषि उपकरणों का लाभ मिलेगा।

कई जनप्रतिनिधि और कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद्र शर्मा और भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर मौजूद रहे।

कार्यक्रम में सीएनएच के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की चेयरपर्सन लेडी सुजेन हेवुड, सीईओ गैरेट मार्क्स, प्रेसिडेंट एवं मैनेजिंग डायरेक्टर नरेंद्र मित्तल, निदेशक रवि कुंद्रा, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक कुमार, इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद और यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह सहित शासन, प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.