17 नवंबर को जारी होगी वोटर लिस्ट की ड्राफ्ट कॉपी, गौतमबुद्धनगर में 15.27 लाख मतदाताओं के नाम होंगे शामिल; गलती मिली तो ऐसे कराएं सुधार

0 38

ग्रेटर नोएडा: विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच गौतमबुद्धनगर में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सूची में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 17 नवंबर 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद नागरिक अपने और परिवार के सदस्यों के नाम जांच सकेंगे और जरूरत पड़ने पर ऑनलाइन या बीएलओ के माध्यम से सुधार के लिए आवेदन कर सकेंगे।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने जिले में मतदाता सूची, मतदान केंद्रों, निर्वाचन कार्मिकों की तैनाती, प्राप्त आवेदनों के निस्तारण, पहचान पत्रों के वितरण और आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी।

बीएलओ की लापरवाही पर तीन चरणों में होगी कार्रवाई

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के तहत मिलने वाले अनुरोधों को समय से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बीएलओ मतदाताओं को निर्धारित समय के भीतर कॉल बैक करें। किसी मतदाता से संपर्क किए बिना उसे अनुपलब्ध घोषित नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने फॉर्म-6, 7 और 8 पर तत्काल फील्ड वेरिफिकेशन रिपोर्ट देने को कहा। फॉर्म को डिजिटल करते समय नाम, लिंग और जन्मतिथि जैसी जानकारियों की सही प्रविष्टि होनी चाहिए। साथ ही, अपलोड की जाने वाली तस्वीर संबंधित मतदाता की ही होनी चाहिए।

इन प्रविष्टियों की एईआरओ स्तर पर सघन जांच की जाएगी। गलती मिलने पर संबंधित फॉर्म बीएलओ को वापस भेजा जाएगा। लापरवाही दोहराने पर पहले मौखिक चेतावनी, दूसरी बार लिखित चेतावनी और तीसरी बार गलती होने पर संबंधित बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

17 नवंबर को ऐसे जांचें अपना नाम

नवदीप रिणवा ने बताया कि 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होगी। इसे भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर देखा और डाउनलोड किया जा सकेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे सूची में अपना और परिवार के सभी सदस्यों का नाम जरूर जांचें।

यदि किसी मतदाता का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो उसे फॉर्म-6 भरना होगा। नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जा सकता है। ये आवेदन संबंधित बीएलओ को दिए जा सकते हैं।

मतदाता निर्वाचन आयोग के नागरिक सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in और ECINET मोबाइल ऐप के जरिए भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से ई-साइन कर ऑनलाइन फॉर्म-6 भरा जा सकता है। इसके अलावा पोर्टल से फॉर्म डाउनलोड करके भरने के बाद बीएलओ को सौंपने का विकल्प भी उपलब्ध है।

बीएलओ से संपर्क और शिकायत के लिए हेल्पलाइन 1950

बीएलओ का मोबाइल नंबर ECINET ऐप से प्राप्त किया जा सकता है। इसके अलावा ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के जरिए भी उनसे संपर्क किया जा सकता है। मतदाता सूची से जुड़ी किसी समस्या या शिकायत के लिए राष्ट्रीय शिकायत सेवा पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी और एईआरओ के माध्यम से भी शिकायत का समाधान कराया जा सकता है।

गौतमबुद्धनगर में 15.27 लाख से ज्यादा मतदाता पंजीकृत

जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि गौतमबुद्धनगर में तीन तहसीलें और तीन पूर्ण विधानसभा क्षेत्र हैं। जिले में एक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का आंशिक हिस्सा भी शामिल है। वर्ष 2026 की अनुमानित जनसंख्या 28,34,139 है, जबकि वर्तमान में कुल 15,27,428 मतदाता पंजीकृत हैं।

इनमें 8,34,652 पुरुष, 6,92,729 महिलाएं और 47 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। जिले में 2,768 सर्विस मतदाता, 9,420 दिव्यांग मतदाता, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 20,654 युवा और 85 वर्ष या उससे अधिक आयु के 7,954 मतदाता भी पंजीकृत हैं। जिले का निर्वाचक जेंडर अनुपात 830 और निर्वाचक जनसंख्या अनुपात 53.89 प्रतिशत है।

नोएडा, दादरी और जेवर में मतदाताओं का आंकड़ा

विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार नोएडा में कुल 5,93,236 मतदाता हैं। इनमें 3,27,446 पुरुष, 2,65,779 महिलाएं और 11 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

दादरी विधानसभा क्षेत्र में 6,17,352 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 3,34,483 पुरुष, 2,82,839 महिलाएं और 30 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। वहीं, जेवर में कुल 3,16,840 मतदाता हैं, जिनमें 1,72,723 पुरुष, 1,44,111 महिलाएं और छह ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

जिले में 766 मतदान केंद्र और 1,926 मतदेय स्थल

निर्वाचन व्यवस्था के तहत जिले में कुल 766 मतदान केंद्र और 1,926 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। विधानसभा क्षेत्रवार देखें तो नोएडा में 234 मतदान केंद्र और 784 मतदेय स्थल हैं। दादरी में 328 मतदान केंद्र और 747 मतदेय स्थल तथा जेवर में 204 मतदान केंद्र और 395 मतदेय स्थल निर्धारित हैं।

सभी 1,926 मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों की व्यवस्था की गई है। इनके कामकाज की निगरानी के लिए 194 सुपरवाइजर तैनात हैं। नोएडा में 784 बीएलओ और 79 सुपरवाइजर, दादरी में 747 बीएलओ और 75 सुपरवाइजर तथा जेवर में 395 बीएलओ और 40 सुपरवाइजर निर्धारित किए गए हैं। जिले में तीन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और 14 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के पद भी अधिसूचित हैं।

16 से 19 नवंबर तक होंगे प्रशिक्षण और बैठक कार्यक्रम

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण और विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों के तहत 16 से 19 नवंबर तक गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में प्रशिक्षण और बैठक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

16 नवंबर को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सुपरवाइजरों और बीएलओ को प्रशिक्षण दिया जाएगा। 17 नवंबर को सेक्टर अधिकारियों, सेक्टर पुलिस अधिकारियों और नोडल अधिकारियों की बैठक एवं प्रशिक्षण होगा।

18 नवंबर को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अध्यक्षों, सचिवों, प्रतिनिधियों और बूथ लेवल एजेंटों के साथ बैठक होगी। वहीं, 19 नवंबर को रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की जाएगी।

युवाओं, महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं के पंजीकरण पर जोर

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण का काम पूरी पारदर्शिता और तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। मतदाता सूची में सभी पात्र नागरिकों के नाम शामिल किए जाएं और अपात्र तथा मृतक मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाए जाएं।

उन्होंने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगजनों और अन्य वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में मेरठ मंडल के मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी, जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम, अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) संकल्प शर्मा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार सिंह समेत सभी संबंधित निर्वाचन अधिकारी मौजूद रहे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.