17 नवंबर से शुरू होगा मतदाता सूची का विशेष अभियान, गौतमबुद्धनगर में BLO और सुपरवाइजरों को दिए गए निर्देश

0 38

गौतमबुद्धनगर: जिले में मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए 17 नवंबर 2026 से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू होगा। इसकी तैयारियों को लेकर सोमवार को गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नोएडा, दादरी और जेवर विधानसभा क्षेत्रों के बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और सुपरवाइजरों ने हिस्सा लिया।

प्रशिक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी बीएलओ को अपने आवंटित क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगजनों और पहली बार मतदाता बनने जा रहे पात्र नागरिकों के पंजीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

उन्होंने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (BLA) के साथ समन्वय बनाकर काम करने और मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित, अद्यतन एवं समावेशी बनाने पर जोर दिया।

RWA, कॉलेज और औद्योगिक संस्थानों में लगेंगे पंजीकरण शिविर

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले की सभी आरडब्ल्यूए, एओए, विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, अन्य शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और नागरिक समाज के संगठनों से अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने इन संस्थानों के सहयोग से विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की सुविधा मिल सके।

उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अभियान की प्रगति की रोजाना समीक्षा करने और बीएलओ व सुपरवाइजरों के काम की नियमित निगरानी करने को कहा। प्राप्त आवेदन पत्रों का नियमानुसार, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभियान समाप्त होने के बाद उत्कृष्ट काम करने वाले बीएलओ और सुपरवाइजरों को जिला प्रशासन सम्मानित करेगा।

BLO और सुपरवाइजरों का हुआ ज्ञान परीक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रम में मतदाता सूची से जुड़े नियमों, प्रक्रियाओं और विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के विभिन्न पहलुओं पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जानकारी परखने के लिए बहुविकल्पीय प्रश्नों के आधार पर ज्ञान परीक्षण भी कराया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अभियान में भाग लेने और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल कराना और उसकी समग्र गुणवत्ता में सुधार करना अभियान की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बीएलओ और सुपरवाइजरों से इसे केवल सरकारी जिम्मेदारी न मानकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण अवसर समझते हुए पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और टीम भावना के साथ काम करने को कहा।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, उप जिलाधिकारी दादरी अरुण कुमार, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर अभिनेंद्र सिंह, पूर्वा शर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.