इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती आज, PM मोदी ने किया नमन; सोनिया-खरगे शक्ति स्थल पहुंचे, प्रियंका ने साझा की बचपन की तस्वीर

0 45

नई दिल्ली: देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की आज 19 नवंबर को 109वीं जयंती मनाई जा रही है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शक्ति स्थल पहुंचकर उन्हें नमन किया। वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इंदिरा गांधी के साथ बचपन की एक तस्वीर साझा करते हुए भावुक संदेश लिखा। अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके नेतृत्व, साहस और देश के प्रति योगदान को याद किया।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंदिरा गांधी की जयंती पर सोशल मीडिया मंच एक्स के जरिए उन्हें याद किया। उन्होंने अपने संदेश में लिखा, ‘पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि।’

शक्ति स्थल पहुंचकर सोनिया गांधी और खरगे ने किया नमन

जयंती के अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी सुबह दिल्ली स्थित शक्ति स्थल पहुंचे। दोनों नेताओं ने इंदिरा गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

खरगे ने सोशल मीडिया पर भी उन्हें याद किया। उन्होंने इंदिरा गांधी को अदम्य साहस, संघर्ष और मजबूत नेतृत्व का प्रतीक बताते हुए कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति इंदिरा गांधी का समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और निर्णायक नेतृत्व आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।

प्रियंका गांधी ने साझा की बचपन की तस्वीर, लिखा- ‘शेरनी’

प्रियंका गांधी ने भी अपनी दादी इंदिरा गांधी की जयंती पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने इंदिरा गांधी के साथ बचपन की एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘जन्मदिन मुबारक हो, शेरनी! आपके जैसी दूसरी कोई कभी नहीं होगी।’

कांग्रेस ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच से इंदिरा गांधी को याद किया। पार्टी ने उनके साहस, दूरदृष्टि और भारत की संप्रभुता तथा आत्मनिर्भरता के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनकी विरासत देश की पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

बचपन से ही आजादी की लड़ाई से जुड़ गई थीं इंदिरा गांधी

इंदिरा गांधी का बचपन भी देश के स्वतंत्रता आंदोलन के माहौल में बीता। बताया जाता है कि जब वह करीब चार साल की थीं, तब उन्होंने अपने दादा मोतीलाल नेहरू और पिता जवाहरलाल नेहरू को जेल जाते देखा था। विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार का असर भी उन पर बचपन से पड़ा। करीब पांच साल की उम्र में उन्होंने अपनी प्रिय विदेशी गुड़िया तक जला दी थी।

1924 तक महात्मा गांधी का चरखा स्वदेशी आंदोलन का प्रमुख प्रतीक बन चुका था। इंदिरा गांधी ने भी चरखा चलाना सीखा और बच्चों को आंदोलन से जोड़ने के लिए बाल चरखा संघ बनाया। यह गांधी चरखा संघ की बच्चों वाली शाखा थी, जहां छोटे बच्चों को सूत कातने और बुनाई का प्रशिक्षण दिया जाता था।

इंदिरा गांधी ने अपने एक भाषण में बताया था कि उस दौर में चरखे के बजाय तकली का इस्तेमाल किया जाता था। बाद में उन्होंने बच्चों को संगठित करने के लिए वानर सेना भी बनाई। इस तरह उनका जुड़ाव बचपन से ही स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय गतिविधियों से रहा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.