गौतमबुद्धनगर में विकास कार्यों की समीक्षा: प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, महिला सुरक्षा से लेकर निवेश तक पर जोर

0 46

ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्धनगर में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की रफ्तार बढ़ाने को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई। उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कानून व्यवस्था, राजस्व सेवाओं और मुख्यमंत्री की विकास प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए। विकास परियोजनाओं में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और काम तय समयसीमा में पूरे किए जाएं।

राजस्व और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र सहित आम नागरिकों से जुड़ी सेवाओं का समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सेवाओं में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनाई जाए।

स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा में आयुष्मान भारत, गोल्डन कार्ड निर्माण, नियमित टीकाकरण, एंबुलेंस सेवाओं और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली गई। मंत्री ने पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता से बनाने और सरकारी अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।

किसानों को खाद-बीज और सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिले

कृषि एवं सहकारिता विभाग को किसानों की जरूरत के मुताबिक उर्वरक और गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सिंचाई व्यवस्था पर चर्चा करते हुए मंत्री ने नहरों के अंतिम छोर यानी टेल तक पानी पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलना चाहिए, ताकि कृषि उत्पादन प्रभावित न हो।

सड़कों की गुणवत्ता और हर घर तक पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क निर्माण, मरम्मत और चौड़ीकरण के काम निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा करने को कहा गया। मंत्री ने बेहतर सड़क संपर्क को विकास और निवेश के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की प्रगति भी परखी गई। ग्रामीण इलाकों में पानी की आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। वहीं, विद्युत विभाग को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जनप्रतिनिधियों से मिले प्रस्तावों और शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

निवेश परियोजनाओं को जमीन पर उतारने और युवाओं को रोजगार देने पर फोकस

उद्योग विभाग की समीक्षा में मंत्री ने निवेश से जुड़े एमओयू को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेज करने और लंबित परियोजनाओं को गति देने को कहा। उन्होंने जिले में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और एक जनपद एक उत्पाद प्रशिक्षण टूल किट योजना की भी समीक्षा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने और इनके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। बैंकर्स समिति की बैठकों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को भी कहा गया, ताकि रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ सकें।

स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर ध्यान

शिक्षा विभाग की समीक्षा में स्कूल चलो अभियान, पीएम कंपोजिट विद्यालय, शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत प्रवेश प्रक्रिया और प्रोजेक्ट अलंकार की प्रगति पर चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा मिलनी चाहिए। इसके लिए विद्यालयों में जरूरी बुनियादी सुविधाओं का विकास और शिक्षा के स्तर में सुधार प्राथमिकता से किया जाए।

गौशालाओं, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक योजनाओं की भी समीक्षा

पशुपालन विभाग को गौशालाओं का बेहतर संचालन करने और निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डॉग शेल्टर की सुविधाओं में सुधार पर भी जोर दिया गया। वन विभाग से वृक्षारोपण और पौध संरक्षण कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर चलाने तथा पर्यावरण संरक्षण में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने को कहा गया।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, खाद्य आपूर्ति, पर्यटन, उद्यान, बाल विकास एवं पुष्टाहार, महिला कल्याण, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, श्रम, पंचायती राज, ग्रामीण आजीविका मिशन, नगर विकास, भूगर्भ जल, अतिरिक्त ऊर्जा और नियोजन विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस को निर्देश

कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान बृजेश सिंह ने पुलिस अधिकारियों को जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला सुरक्षा को मजबूत करने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखने और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने पर विशेष जोर दिया। मंत्री ने कहा कि विकास और सुशासन के लिए सुरक्षित वातावरण जरूरी है। इसलिए पुलिस अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और तत्परता से काम करें।

उन्होंने सभी विभागों को जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने और क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं व सुझावों को गंभीरता से लेने को कहा। जिलाधिकारी ने बैठक में भरोसा दिलाया कि मंत्री के निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन कराया जाएगा और विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाएगी।

बैठक में सांसद डॉ. महेश शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, जिला पंचायत प्रशासक अमित चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, ग्रेटर नोएडा की एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ पुष्पराज सिंह, ज्वाइंट सीपी संकल्प शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, एडीएम वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.