गौतमबुद्धनगर में कल गूंजेगी ‘आनंदमठ’ की गाथा, मुख्य ऑडिटोरियम में होगा ऐतिहासिक नाटक का मंचन

0 53

ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्धनगर में शनिवार, 21 नवंबर को प्रसिद्ध साहित्यिक कृति ‘आनंदमठ’ पर आधारित नाटक का मंचन किया जाएगा। शाम 5 बजे होने वाला यह कार्यक्रम गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह-01 यानी मुख्य ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। इसका आयोजन भारतेंदु नाट्य अकादमी, उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग, जिला प्रशासन और गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

यह आयोजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उस घोषणा के तहत हो रहा है, जो उन्होंने भारतेंदु नाट्य अकादमी के स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान की थी। इसके तहत प्रदेश के सभी 75 जिलों में ऐतिहासिक नायकों, स्वतंत्रता सेनानियों, राष्ट्रीय विभूतियों और प्रसिद्ध साहित्यिक कृतियों पर आधारित नाटकों का मंचन कराया जा रहा है।

इस पहल का उद्देश्य रंगमंच के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत को आम लोगों तक पहुंचाना है। साथ ही, नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रीय चेतना और महापुरुषों के योगदान से परिचित कराना भी इसका अहम मकसद है।

‘आनंदमठ’ पर आधारित नाट्य प्रस्तुति के जरिए दर्शकों को भारतीय इतिहास, राष्ट्रभावना, सांस्कृतिक चेतना और साहित्यिक विरासत के विभिन्न पहलुओं को समझने का अवसर मिलेगा। आयोजकों के मुताबिक, यह कार्यक्रम युवाओं और विद्यार्थियों को भारतीय साहित्य तथा स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों के प्रति जागरूक करने के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने के लिए भी प्रेरित करेगा।

कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.