ग्रेटर नोएडा: आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 22 नवंबर 2026 को शारदा विश्वविद्यालय में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। शाम 6 बजे होने वाले इस अभ्यास में हवाई हमले की चेतावनी, रेड अलर्ट और ब्लैकआउट जैसी परिस्थितियां बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई।
प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित की जा रही इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा और आपातकालीन स्थितियों में विभिन्न विभागों की तत्परता, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और आपसी समन्वय को परखना है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जाएं और विभाग आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएं।
सभी विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
जिलाधिकारी ने 22 नवंबर को होने वाले अभ्यास के लिए पर्याप्त संसाधन, उपकरण, वाहन और मानवबल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। सभी विभागों को अपने नोडल और वैकल्पिक नोडल अधिकारियों की तैनाती करने तथा नियंत्रण कक्ष से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए। मॉक ड्रिल में एनसीसी के विद्यार्थियों, वार्डन और स्वयंसेवकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस विभाग को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ सुरक्षा, भीड़ और यातायात नियंत्रण की जिम्मेदारी दी गई है। अग्निशमन विभाग आग लगने की काल्पनिक स्थिति में आग बुझाने और बचाव कार्यों का अभ्यास करेगा। वहीं, स्वास्थ्य विभाग चिकित्सकीय टीम, एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था संभालेगा।
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें खोज एवं बचाव अभियान चलाने के साथ क्षतिग्रस्त इमारतों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास करेंगी। विद्युत विभाग ब्लैकआउट और बिजली आपूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया पर काम करेगा। लोक निर्माण विभाग सुरक्षित रास्ते उपलब्ध कराने और मलबा हटाने की जिम्मेदारी निभाएगा, जबकि परिवहन विभाग आपातकालीन वाहनों की आवाजाही सुचारु रखने की व्यवस्था करेगा।
अफवाहों से बचने के लिए केवल अधिकृत सूचना जारी होगी
जिलाधिकारी ने कहा कि मॉक ड्रिल के दौरान चेतावनी प्रणाली, सुरक्षित आश्रय स्थलों तक लोगों की पहुंच, ब्लैकआउट प्रक्रिया, अग्निशमन, प्राथमिक उपचार, खोज एवं बचाव तथा यातायात और भीड़ नियंत्रण का क्रमबद्ध अभ्यास किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि अभ्यास के दौरान आम लोगों तक केवल अधिकृत और प्रमाणित सूचनाएं ही पहुंचाई जाएं। किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी या अफवाह फैलने की स्थिति नहीं बनने दी जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, एडीसीपी अर्चना सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंदन सोनी, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड किशन सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।