गौतमबुद्धनगर: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को विकासखंड बिसरख परिसर में 12 जोड़ों का विवाह और निकाह धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। समारोह में अनुसूचित जाति वर्ग के नौ और अल्पसंख्यक वर्ग के तीन जोड़ों ने वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। सभी जोड़े बिसरख, दादरी और नगर पालिका परिषद दादरी क्षेत्र के निवासी हैं।
कार्यक्रम में नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देने के लिए दादरी के ब्लॉक प्रमुख विजेंद्र भाटी, बिसरख की ब्लॉक प्रमुख अप्रीत कौर, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि श्यामेंद्र, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी नेहा सिंह और जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार मौजूद रहे। इनके अलावा दादरी और बिसरख के खंड विकास अधिकारी विनी यादव, जिला पूर्ति अधिकारी नीलेश उत्पल, जिला कार्यक्रम अधिकारी इतफार खान सहित संबंधित अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए।
पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने पर जोर
मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज कल्याण विभाग की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। इसे सफल बनाने के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों की भागीदारी और आपसी समन्वय सुनिश्चित किया गया है, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इसका लाभ मिल सके।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने आम लोगों से योजना का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है और इसके माध्यम से गरीब परिवारों को बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता मिल सकती है। उन्होंने जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में निःसंकोच सहयोग करने का भी आह्वान किया।
पोर्टल पर आवेदन के बाद मिले विवाह प्रमाण-पत्र
बिसरख विकासखंड परिसर में विवाह पंजीकरण और प्रमाण-पत्र जारी करने के लिए अलग व्यवस्था की गई थी। यहां नवदंपत्तियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराई गई। सभी आवेदिकाओं ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह पोर्टल पर आवेदन किया था, जिसके बाद पोर्टल के माध्यम से पंजीकृत विवाह प्रमाण-पत्र जारी किए गए। समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपत्तियों को ये प्रमाण-पत्र सौंपे।
योजना के तहत विवाह में शामिल अनुसूचित जाति और अल्पसंख्यक वर्ग के जोड़ों को विवाह सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा शासकीय नियमों के अनुसार जोड़ों के परिजनों के लिए खान-पान की व्यवस्था की गई थी। व्हाइट पर्ल फाउंडेशन, नई दिल्ली के निदेशक प्रशांत कुमार ने वर-वधुओं को आशीर्वाद स्वरूप नकद धनराशि और साड़ी भेंट की।