महिलाओं की शिकायतों पर सख्त हुई राज्य महिला आयोग की सदस्य! गौतमबुद्धनगर में 9 मामले पहुंचे, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला की अध्यक्षता में सदर तहसील सभागार में महिला जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचीं महिलाओं ने अपनी समस्याएं और शिकायतें आयोग के सामने रखीं। जनसुनवाई के दौरान पुलिस विभाग से संबंधित कुल 9 मामले प्रस्तुत किए गए। इनमें पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा, भरण-पोषण और उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं।
शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान डॉ. मीनाक्षी भराला ने महिलाओं की प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों की प्राथमिकता के आधार पर निगरानी की जाए और उनका समयबद्ध, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को जल्द न्याय मिल सके।
महिला फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार जरूरी
महिला आयोग की सदस्य ने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, सहानुभूति और मानवीय दृष्टिकोण बेहद जरूरी है। कई बार सामाजिक और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण महिलाएं अपनी परेशानी खुलकर सामने नहीं रख पाती हैं। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे महिलाओं को विश्वास में लेकर उनकी समस्याओं का निष्पक्ष और त्वरित समाधान करें।
उन्होंने पुलिस विभाग, महिला कल्याण विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी कार्यालयों में अपनी शिकायत लेकर आने वाली प्रत्येक महिला के साथ सम्मानजनक और सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए।
महिलाओं को अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी आयोग का उद्देश्य
डॉ. मीनाक्षी भराला ने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग का उद्देश्य महिलाओं को न्याय दिलाने के साथ-साथ उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी है। आयोग लगातार इस दिशा में काम कर रहा है, ताकि किसी भी महिला को उत्पीड़न या अन्याय का सामना न करना पड़े और हर शिकायत का निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान हो सके।
कार्यक्रम में डीसीपी महिला सुरक्षा सुनीति, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, एडीसी जितेंद्र मौर्य, महिला थानाध्यक्ष सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।