पंचायत चुनाव से पहले पिछड़ा वर्ग के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर होगी सुनवाई! गौतमबुद्धनगर में 24 नवंबर को जुटेगा आयोग

0 34

गौतमबुद्धनगर: आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों से पहले स्थानीय ग्रामीण निकायों में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के राजनीतिक प्रतिनिधित्व की स्थिति का अध्ययन करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग 24 नवंबर को गौतमबुद्धनगर में जनसुनवाई करेगा। यह सुनवाई सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की जाएगी।

पिछड़ा वर्ग के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का होगा अध्ययन

जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश पंचायती राज विभाग की अधिसूचना संख्या 1274/33-3-2026, दिनांक 18 मई 2026 के तहत इस आयोग का गठन किया गया है। आयोग का उद्देश्य आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के मद्देनजर ग्रामीण स्थानीय निकायों में अन्य पिछड़े वर्गों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व की स्थिति की समकालीन और अनुभवजन्य जांच करना है।

आयोग स्थानीय निकायों में पिछड़े वर्गों के प्रतिनिधित्व की प्रकृति, स्थिति और उस पर पड़ने वाले प्रभावों का अध्ययन करेगा। इसके आधार पर आवश्यक अनुशंसाएं भी प्रस्तुत की जाएंगी।

सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के फैसलों के क्रम में गठन

आयोग का गठन सुप्रीम कोर्ट के के. कृष्णमूर्ति बनाम यूनियन ऑफ इंडिया (2010), विकास किशनराव गवली बनाम महाराष्ट्र राज्य (2021) और सुरेश महाजन बनाम मध्य प्रदेश राज्य (2022) सहित संबंधित न्यायिक फैसलों के क्रम में किया गया है। इसके अलावा इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ द्वारा वामनराव बनाम उत्तर प्रदेश राज्य एवं अन्य मामले में दिए गए विधिक निर्देशों को भी ध्यान में रखा गया है।

24 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई

आयोग की ओर से गौतमबुद्धनगर में 24 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक सार्वजनिक सुनवाई आयोजित की जाएगी। इसके लिए कलेक्ट्रेट सभागार निर्धारित किया गया है। इस प्रक्रिया के माध्यम से ग्रामीण स्थानीय निकायों में पिछड़े वर्गों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े पहलुओं का अध्ययन कर आगामी पंचायत चुनावों के लिए आवश्यक सिफारिशें तैयार की जाएंगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.