हवाई हमले का अलर्ट, रेड अलर्ट और ब्लैकआउट! शारदा यूनिवर्सिटी में मॉक ड्रिल कर परखी गई आपातकालीन तैयारियां

0 33

ग्रेटर नोएडा: आपातकालीन परिस्थितियों में जन-धन की सुरक्षा और विभिन्न विभागों की तैयारियों को परखने के लिए रविवार शाम 6 बजे शारदा विश्वविद्यालय में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका की अध्यक्षता में हुए इस अभ्यास में हवाई हमले की चेतावनी, रेड अलर्ट और ब्लैकआउट जैसी परिस्थितियों का सजीव परिदृश्य तैयार किया गया। पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों सहित विभिन्न टीमों ने राहत एवं बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।

अलर्ट जारी होने से लेकर ब्लैकआउट तक का किया अभ्यास

मॉक ड्रिल के दौरान आपातकालीन चेतावनी प्रणाली के संचालन, नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, ब्लैकआउट लागू करने और आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार काम करते हुए त्वरित प्रतिक्रिया, सतर्कता और आपसी समन्वय का प्रदर्शन किया।

पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य विभाग ने दिखाई तत्परता

अभ्यास के दौरान पुलिस विभाग ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ भीड़ और यातायात नियंत्रण की व्यवस्थाओं का प्रदर्शन किया। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग लगने की काल्पनिक स्थिति में आग बुझाने और बचाव कार्यों का अभ्यास किया।

वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एंबुलेंस संचालन, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और उन्हें सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने खोज एवं बचाव अभियान के तहत क्षतिग्रस्त संरचनाओं में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की तकनीकें प्रदर्शित कीं।

बिजली बहाली से लेकर मलबा हटाने तक की परखी गई व्यवस्था

मॉक ड्रिल में विद्युत विभाग ने ब्लैकआउट लागू करने और बिजली आपूर्ति बहाल करने से जुड़ी कार्रवाई का अभ्यास किया। लोक निर्माण विभाग ने सुरक्षित आवागमन के लिए रास्ते सुचारु करने और मलबा हटाने की प्रक्रिया प्रदर्शित की। परिवहन विभाग ने आपातकालीन वाहनों के निर्बाध आवागमन की व्यवस्था का अभ्यास किया।

इस दौरान विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों के इस्तेमाल, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और सामूहिक रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाने की दक्षता का आकलन किया गया।

वास्तविक आपदा से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश

अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने कहा कि इस तरह के व्यावहारिक अभ्यास आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत बनाने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने निर्धारित दायित्वों के प्रति सजग रहने तथा आवश्यक संसाधनों, उपकरणों और व्यवस्थाओं को हमेशा क्रियाशील रखने की अपेक्षा की, ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

इस अवसर पर एडीसीपी अर्चना सिंह, डिप्टी कलेक्टर अभिनेंद्र सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंदन सोनी, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड किशन सिंह, सीआरए से कुलदीप खन्ना सहित पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, विद्युत विभाग, शारदा विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि और अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.