24 अगस्त को हरियाणा और पंजाब के दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी

0 557

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अगस्त को हरियाणा और पंजाब का दौरा करेंगे और दो महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री 24 अगस्त की सुबह हरियाणा के फरीदाबाद में अमृता अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद, वह मोहाली के लिए रवाना होंगे और दोपहर लगभग 2:15 बजे साहिबजादा अजीत सिंह नगर जिला (मोहाली) के मुल्लांपुर में ‘होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र’ का उद्धाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री फरीदाबाद में अमृता अस्पताल का उद्घाटन करेंगे, जिससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में आधुनिक चिकित्सा बुनियादी ढांचे को बढ़ावा मिलेगा।
माता अमृतानंदमयी मठ द्वारा संचालित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल 2,600 बिस्तरों से लैस होगा। करीब 6,000 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले इस अस्पताल से फरीदाबाद और पूरे एनसीआर क्षेत्र के लोगों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोहाली में ‘होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र’ राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह अस्पताल भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग के तहत एक सहायता प्राप्त संस्थान टाटा मेमोरियल सेंटर द्वारा 660 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है। इस कैंसर अस्पताल में 300 बिस्तरों की क्षमता है। इसमें सर्जरी, रेडियोथेरेपी और मेडिकल ऑन्कोलॉजी, कीमोथेरेपी, इम्यूनोथेरेपी और बोन मैरो ट्रांसप्लांट जैसी आधुनिक सुविधाओं से सभी प्रकार के कैंसर का इलाज किया जाएगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.