सीएम योगी ने दिवंगत भाजपा विधायक अरविंद गिरी को दी श्रद्धांजलि

दुख की घड़ी में पार्टी और सरकार विधायक जी के परिवार के साथ खड़ी है: सीएम योगी

0 487

लखीमपुर खीरी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गोला पहुंचे, जहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के दिवंगत विधायक अरविंद गिरी के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान सीएम योगी ने दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि देते हुए और उनके परिवार वालों को सांत्वना दी।

इस बारे में दिवंगत विधायक के परिजनों ने बताया कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने उनसे कहा कि विधायक गिरी जी के जो सपने अधूरे रह गए उन्हें पूरा करेंगे। साथ ही उन्होंने इस दुख की घड़ी में पार्टी और सरकार परिवार के साथ खड़े होने की बात कही। विधायक के भाई जनार्दन गिरि ने बताया के मुख्यमंत्री के आने और उनकी सांत्वना से परिवार को बहुत संबल मिला है। विधायक आवास से निकलने के बाद मुख्यमंत्री ने छोटी काशी के शिव मंदिर में दर्शन किए।
बता दें कि लखीमपुर खीरी की गोला गोकर्णनाथ विधानसभा से 5 बार विधायक रह चुके अरविंद गिरी का बीते मंगलवार को कार से लखनऊ जाते समय हार्ट अटैक की वजह से निधन हो गया था। बुधवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई थी। अंत्येष्टि से पहले गोला कस्बे में उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई थी।

विधायक अरविंद गिरी ‘गिरी (गोस्वामी) समुदाय’ से थे, इसलिए परंपरा के अनुसार उन्हें समाधि दी गई थी। उनके निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया था और परिजनों को भरोसा भी दिया था कि वो खुद आकर उनसे मुलाकात भी करेंगे,जिसके बाद आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिवंगत विधायक के आवास पहुंचे थे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.