स्मृति ईरानी पर विवादास्पद टिप्पणी को लेकर एनसीडब्ल्यू ने कांग्रेस नेता अजय राय को भेजा नोटिस

0 289

नई दिल्ली : कांग्रेस नेता अजय राय ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को लेकर एक विवादास्पद टिप्पणी की थी। अब राष्ट्रीय महिला आयोग ने इसका संज्ञान लेते हुए अजय राय को नोटिस भेजकर 28 दिसंबर को आयोग के सामने पेश होने कहा है। बता दें कि अजय राय ने अमेठी सीट को लेकर स्मृति ईरानी पर अपमानजनक टिप्पणी की थी। राष्ट्रीय महिला आयोग ने बताया कि केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के खिलाफ कांग्रेस नेता अजय राय द्वारा की गई एक विवादास्पद टिप्पणी पर राष्ट्रीय महिला आयोग को कई मीडिया रिपोर्ट्स मिली हैं। आयोग ने अजय राय द्वारा की गई महिला विरोधी टिप्पणी का संज्ञान लिया है।

आयोग ने कहा कि राय द्वारा की गई टिप्पणियां बेहद अपमानजनक हैं और आयोग ऐसे बयानों की कड़ी निंदा करता है। आयोग ने इस मामले में सुनवाई भी निर्धारित की है और अजय राय को 28.12.2022 को दोपहर 12 बजे तक आयोग के सामने पेश होने का नोटिस जारी किया है।

गौरतलब है अजय राय ने सोमवार को सोनभद्र में केंद्रीय मंत्री पर व्यक्तिगत और अभद्र टिप्पणी की थी। राय ने कहा था कि, राहुल गांधी, राजीव गांधी इस सीट (अमेठी) पर चुनाव लड़े हैं, कई कल-कारखाने लगाए गए। अब आधे से ज्यादा कल-कारखाने बंद पड़े हुए हैं, स्मृति ईरानी केवल आती हैं और लटके-झटके देकर चली जाती हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.