केंद्र सरकार की देशवासियों से अपील, कहा- 14 फरवरी को मनाएं ‘Cow Hug Day’

0 381

नई दिल्ली: भारत के पशु कल्याण बोर्ड (AWBI) ने देशवासियों से 14 फरवरी को ‘काउ हग डे’ (Cow Hug Day) मनाने अपील की है। बोर्ड की अपील के मुताबिक, काउ हग डे का मतलब है कि गाय को गले लगाना है। बता दें कि, 14 फरवरी को ही दुनियाभर में ‘वैलेंटाइन्स डे’ (Valentine’s Day) मनाया जाता है। भारत सरकार के मत्स्य, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के निर्देशानुसार पशु कल्याण बोर्ड ने इसे लेकर एक विज्ञप्ति भी जारी की है।

पशु कल्याण बोर्ड ने जारी विज्ञप्ति में कहा है कि, ‘हम सब जानते हैं कि गाय भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, हमारे जीवन को बनाए रखती है और पशुधन और जैव विविधता का प्रतिनिधित्व करती है। मानवता को सब कुछ प्रदान करने वाली मां के समान पोषक प्रकृति के कारण इसे कामधेनु और गौमाता के नाम से जाना जाता है।’
बोर्ड ने अपील में आगे कहा, ‘हमारे समय में पश्चिमी संस्कृति की प्रगति के कारण वैदिक परंपराएं लगभग विलुप्ति की कगार पर हैं। पश्चिमी सभ्यता की चकाचौंध ने हमारी भौतिक संस्कृति और विरासत को भूला हुआ बना दिया है। गाय के बेहद ज्यादा फायदों को देखते हुए, गाय को गले लगाने से जज्बाती समृद्धि आएगी, व्यक्तिगत और सामूहिक खुशी बढ़ेगी। इसलिए, गौमाता के महत्व को ध्यान में रखते हुए सभी गाय प्रेमी 14 फरवरी को काउ हग डे के रूप में भी मना सकते हैं और जीवन को खुशहाल और सकारात्मक ऊर्जा से भरा हुआ बना सकते हैं।’

उल्लेखनीय है कि, यह अपील पत्र सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी से और पशुपालन और डेयरी विभाग, मत्स्य, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के निर्देश पर जारी हुआ है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.