भारत के प्रधानमंत्री मोदी और सुनक मुक्त व्यापार समझौते पर तेजी से काम के लिए सहमत

0 309

लंदन : भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने महत्वाकांक्षी मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए तेजी से काम करने पर सहमति जताई है। डाउनिंग स्ट्रीट ने यहां इस संबंध में बयान जारी किया है।

डाउनिंग स्ट्रीट के प्रवक्ता ने कहा है कि रविवार को मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए भारत और ब्रिटेन के बीच चल रही वार्ता की समीक्षा की गई। दोनों नेताओं ने जापान के हिरोशिमा में वार्ता के दौरान इस पर काम करने के लिए सहमति जताई।

बयान में कहा गया है कि भारत के प्रधानमंत्री मोदी और सुनक हिरोशिमा में जी-7 देशों के शिखर सम्मेलन के मौके पर मिले। पिछले साल नवंबर में इंडोनेशिया में जी-20 शिखर सम्मेलन के बाद उनकी दूसरी निजी बैठक में दोनों देशों के संबंधों पर गहराई से चर्चा हुई। डाउनिंग स्ट्रीट ने संकेत दिया है कि सुनक अपनी पहली भारत यात्रा के लिए इस साल के अंत में नई दिल्ली जा सकते हैं। वह भारत में जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

डाउनिंग स्ट्रीट के प्रवक्ता ने कहा कि दोनों नेताओं ने ब्रिटेन और भारत के बीच गहरे संबंधों, मानवीय संबंधों, लोकतंत्र, निष्पक्ष और मुक्त व्यापार के महत्व पर विचार किया। दोनों नेताओं ने सहमति जताई कि इस महत्वाकांक्षी और पारस्परिक रूप से लाभकारी सौदे को अंतिम रूप देने के लिए तेजी से काम किया जाएगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.