अमरनाथ यात्रा के लिए घाटी में 300 अतिरिक्त अर्द्धसैनिक कंपनियों की मांग करेगा जम्मू-कश्मीर प्रशासन

0 308

जम्मू : केंद्रीय गृह मंत्रालय इस सप्ताह के दौरान श्री अमरनाथ यात्रा व्यवस्था की उच्च स्तरीय समीक्षा करेगा, जिसमें पुलिस और नागरिक प्रशासन के शीर्ष अधिकारी विशेष रूप से तीर्थयात्रा के लिए अर्द्धसैनिक बलों की अतिरिक्त तैनाती की मांग करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस वार्षिक श्री अमरनाथ तीर्थयात्रा के लिए अतिरिक्त 300 अर्द्धसैनिक बल कंपनियों की मांग करेगी।

केंद्र शासित प्रदेश के शीर्ष पुलिस और नागरिक अधिकारी इस सप्ताह के अंत तक केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारियों द्वारा बुलाई जाने वाली प्रारंभिक बैठक में भाग लेंगे। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस महीने के मध्य में यात्रा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे तथा इसी महीने के अंत तक गृह मंत्री के जम्मू-कश्मीर दौरे की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता। अधिकारियों ने कहा कि सारी व्यवस्था पिछले साल की तरह ही होगी क्योंकि यात्रा की सुरक्षा को लेकर कोई भी जोखिम नहीं लिया जा सकता।

उन्होंने कहा कि जम्मू-श्रीनगर और जम्मू-पठानकोट के राष्ट्रीय राजमार्गों को सुरक्षित करने के अलावा सेना विशेष रूप से दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित पवित्र गुफा एवं दोनों यात्रा मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। तैनात की जा रही अधिकांश अतिरिक्त अर्द्धसैनिक बल कंपनियों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) एवं केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) शामिल हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.