विराट कोहली-रोहित शर्मा के 144 घंटे उड़ा देंगे पाकिस्तान की नींद, बेंगलुरु में घमासान की तैयारी

0 488

नई दिल्ली: विराट कोहली और रोहित शर्मा वेस्टइंडीज से लौट आए हैं. वेस्टइंडीज में टेस्ट और वनडे सीरीज खेलने के बाद दोनों ब्रेक पर हैं. दोनों स्टार करीब 2 सप्ताह के ब्रेक पर हैं, मगर इसके बाद दोनों के 144 घंटे पाकिस्तान की नींद खराब करने वाले है. दरअसल 2 सप्ताह के ब्रेक के बाद रोहित और कोहली को 23 अगस्त को बेंगलुरु में नेशनल क्रिकेट एकेडमी में रिपोर्ट करना है. जहां एशिया कप की तैयारी के लिए 24 से 29 अगस्त तक कैंप लगेगा. यानी 6 दिन और कुल 144 घंटे इस कैंप में प्लेयर्स के टारगेट पर सिर्फ और सिर्फ एशिया कप ही होगा.

30 अगस्त से पाकिस्तान और श्रीलंका में शुरू होने वाले एशिया कप में भारत अपना पहला मुकाबला 2 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ ही खेलेगा. दोनों ही टक्कर श्रीलंका में होगी. ऐसे में टीम इंडिया की पहली चुनौती पाकिस्तान है और बेंगलुरु में लगने वाले 6 दिन के कैंप में पाकिस्तान को लेकर खास तैयारी भी होगी. विराट और रोहित दोनों ही वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जा रही टी20 सीरीज का हिस्सा नहीं है. दोनों बिजी शेड्यूल की शुरुआत से पहले वेकेशन एंजॉय कर रहे हैं.

सीनियर प्लेयर्स वर्ल्ड कप 2023 की तैयारी शुरू करने से पहले एशिया कप में हिस्सा लेंगे. इनसाइडस्पोर्ट के अनुसार बीसीसीआई के एक अधिकारी का कहना है कि रोहित और विराट दोनों 23 अगस्त को एनसीए में रिपोर्ट करेंगे. कैंप के बाद दोनों एशिया कप के लिए श्रीलंका रवाना होंगे और 2 सितंबर को अपने अभियान की शुरुआत करेंगे.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार केएल राहुल और श्रेयस अय्यर भी एशिया कप के कैंप से जुड़ेंगे, मगर संजू सैमसन के जुड़ने की उम्मीद काफी कम है. अगर सैमसन को मौका मिलता है तो आखिरी के 2 दिनों में कैंप से जुड़ सकते हैं. वहीं आयरलैंड के खिलाफ 3 मैच की सीरीज में टीम इंडिया की कप्तानी करने वाले जसप्रीत बुमराह को सीरीज के बाद 2 दिन का ब्रेक दिया जाएगा और इसके बाद वो कैंप से जुड़ेंगे.

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.