मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार कल उज्जैन आएंगे योगी आदित्यनाथ

0 410

उज्जैन: श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 13 सितंबर बुधवार को उज्जैन पहुंचेंगे. जानकारी के मुताबिक मंदिर में पूजा के बाद वो नाथ संप्रदाय के प्रमुख स्थल श्री भर्तृहरि गुफा भी जाएंगे. अब उनके आने के पहले ही सुरक्षा एजेंसी के सदस्य ने महाकाल मंदिर और भर्तृहरि गुफा पहुंचकर तैयारी शुरू कर दी है. बता दें कि मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ पहली बार उज्जैन आकर बाबा महाकाल की पूजा करेंगे. इसके लिए भर्तृहरि गुफा की गौशाला से गिर नस्ल की गाय का दूध, घी महाकाल मंदिर पहुंचाया जाएगा.

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक भर्तृहरि गुफा के मठाधीश पीर योगी महंत रामनाथ महाराज सीएम योगी का भव्य स्वागत करेंगे. सीएम योगी अखिल भारतीय भेष बारह पंथ नाथ संप्रदाय के अध्यक्ष भी हैं तो इसलिए उनका परंपरा के मुताबिक 101 बटुकों के मंत्रोच्चार के बीच रुद्राक्ष की माला से स्वागत किया जाएगा. इसके बाद त्रिशुल भेंट किया जाएगा.

बता दें कि योगी आदित्यनाथ 2016 सिंहस्थ के दौरान उज्जैन आए थे. यहां आकर वे भर्तृहरि गुफा में ही रुके थे. हालांकि सिंहस्थ 2016 में भर्तृहरि गुफा जब सीएम योगी आए थे, तब वो यूपी के मुख्यमंत्री नहीं बने थे. गौरतलब है कि सीएम योगी को जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त है. ऐसे में जेड प्लस सुरक्षा होने से मुख्यमंत्री योगी के आगमन से पूर्व सुरक्षा एजेंसी ने यहां पहुंचकर सुरक्षा का जिम्मा ले लिया है.

सीएम योगी से पहले कल यानी सोमवार को एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान उज्जैन पहुंचे थे. यहां महाकाल के दर्शन के बाद सीएम शिवराज ने कहा कि पिछले सोमवार को जब महाकाल महाराज की शरण में आए थे, तब प्रदेश में अकाल की स्थिति थी. बारिश न होने की वजह से फसल सूखने लगी थी. तब महाकाल से बारिश की प्रार्थना की थी. अब बारिश की कामना पूरी होने पर महाकाल को धन्यवाद अर्पित करने आए हैं.

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.