16 अक्टूबर को देवरिया जाएंगे अखिलेश यादव, पीड़ित परिवारों से कर सकते हैं मुलाकात

0 261

लखनऊ : सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 16 अक्टूबर को देवरिया जाएंगे। इस दौरान वह फतेहपुर में हुए सामूहिक हत्याकांड के पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर सकते हैं। देवरिया जिले के सपा अध्यक्ष व्यास यादव ने बताया कि रुद्रपुर कोतवाली के फतेहपुर के लेहड़ा टोला में हुई घटना के बाद 16 अक्टूबर को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव देवरिया आएंगे। वह इस घटना में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देंगे। यहां पर हुए हत्याकांड में पीड़ित दोनों परिवारों से मिलेंगे। वह 16 अक्टूबर को शाम 3 बजे आ सकते हैं।

बता दें कि फतेहपुर गांव में प्रेम के मकान की पैमाइश के दौरान हंगामे के बाद धारा 144 लागू कर दी गई है। वहीं, बैरियाघाट से लेकर पैमाइश स्थल तक हंगामा करने वाले अराजकतत्वों की पहचान कर कार्रवाई में भी पुलिस-प्रशासन की टीम लगी है। गांव में किसी भी प्रकार की जुटान और धरना-प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के फतेहपुर जाने की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी अपनी तैयारी में जुट गए हैं।

दूसरी तरफ पूर्व जिला पंचायत सदस्य मृतक प्रेम यादव की पत्नी शीला ने कहा कि पुलिस कार्रवाई के चलते भय का माहौल बन गया है। हमारे पति को जानने वालों की इच्छा होने के बावजूद भी गांव में घुसने नहीं दिया जा रहा है। लोग फोन करके धारा-144 का हवाला देकर न पहुंच पाने का खेद जता रहे हैं। पत्नी ने मांग की है कि मानवीय संवेदनाओं को देखते हुए हिंदू रीति-रिवाज से पति का ब्रह्मभोज कराने में मदद करें।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.