PM मोदी के दौरे से पहले इटली में बापू की प्रतिमा से बदसलूकी, विदेश मंत्रालय ने की कड़ी निंदा

0 246

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए इटली की यात्रा करेंगे। इससे पहले इटली में खालिस्तानी अलगाववादियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा को तोड़ दिया। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने गांधी की प्रतिमा को तोड़ने की घोर निंदा की है।विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने कहा, “हमने रिपोर्ट देखी है और इस मुद्दे को इतालवी अधिकारियों के सामने उठाया है। हम समझते हैं कि मूर्ति को फिर से ठीक करने का काम पहले ही किया जा चुका है। प्रतिमा को तोड़ने का प्रयास निंदनीय है, इस पर कार्रवाई की गई है और जरूरी सुधार किया गया है।”

यह घटना पीएम नरेंद्र मोदी के शुक्रवार को जी-7 शिखर सम्मेलन के आउटरीच सेशन में हिस्सा लेने के लिए इटली पहुंचने से ठीक पहले हुई है। बीते साल, खालिस्तानी अलगाववादियों ने हिरोशिमा में जी-7 और क्वाड लीडर्स समिट से ठीक पहले सिडनी के रोजहिल में बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर को क्षतिग्रस्त कर दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को इटली की यात्रा पर जाएंगे। यहां वो 13-15 जून तक पुगलिया में आयोजित होने वाले जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के न्योते पर शुक्रवार को जी7 शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में हिस्सा लेंगे। विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने कहा, “यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी को जी7 शिखर सम्मेलन में मौजूद दूसरे विश्व नेताओं के साथ भारत और ग्लोबल साउथ के लिए कई अहम मुद्दों पर बातचीत करने का अवसर प्रदान करेगी।” यह 11वीं बार होगा जब भारत जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेगा और इसमें प्रधानमंत्री मोदी की लगातार पांचवीं भागीदारी होगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.