रिटायर्ड फौजी ने पत्नी को टुकड़ों में काटा…प्रेशर कुकर में उबालकर झील में फेंका, तेलंगाना में दिल दहला देने वाली वारदात

0 205

हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से सटे रंगारेड्डी जिले में एक रिटायर्ड फौजी ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने शव के टुकड़े-टुकड़े कर प्रेशर कुकर में उबाला और फिर झील में ले जाकर फेंक दिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी रिटायर्ड फौजी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।

यह दिल दहला देने वाली घटना रंगारेड्डी जिले के मीरपेट इलाके की है। आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले के रहने वाले गुरु मूर्ति (45) सेना से रिटायर होने के बाद हैदराबाद स्थित डीआरडीओ में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहे थे। वह अपनी पत्नी वेंकट माधवी (35) और दो बच्चों के साथ मीरपेट के न्यू वेंकटेश्वर नगर कॉलोनी में रहते थे।

परिजनों को दी लापता होने की सूचना
जांच में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। गुरु मूर्ति ने 18 जनवरी को माधवी के परिजनों को उसके लापता होने की सूचना दी थी, जिसके बाद माधवी के परिजनों ने मीरपेट थाने में माधवी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस दौरान गुरु मूर्ति पूरी तरह से अनजान होने का नाटक करता रहा और अपनी पत्नी की तलाश में मदद भी करता रहा।

पुलिस ने की सख्ती की तो कुबूला जुर्म
इस बीच पुलिस को गुरु मूर्ति पर शक हुआ और जब उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। रिटायर्ड फौजी ने बताया कि उसने झगड़े के बाद अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव के टुकड़े किए और फिर उन्हें प्रेशर कुकर में उबाला और बाद में झील में फेंक दिया।

क्या है दुर्दांत हत्या की असली वजह?
पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच कर रही है। आरोपी ने अपना जुर्म ज़रूर कुबूल कर लिया है लेकिन हत्या के पीछे के वजह क्या थी यह अभी तक पता नहीं चल सका है। क्योंकि सिर्फ छोटा सा झगड़ा इतनी बड़ी वारदात की वजह नहीं बन सकता!

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.