बर्थडे से एक दिन पहले CM मोहन यादव ने दतिया को दी 62 करोड़ से अधिक की बड़ी सौगात, 12 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

0 63

दतिया: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 24 मार्च को दतिया जिले के भांडेर में 62 करोड़ 23 लाख रुपये की लागत से तैयार 12 प्रमुख विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। इस मौके पर सीएम ने राज्य की जन-कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सीधे लाभ भी वितरित किया और कृषि उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और कन्यापूजन के साथ हुई।

निवेश, शिक्षा और किसान हित में विशेष घोषणाएं
सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने किसानों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि खेतों में काम करने वाले किसान सूरज से आंखें मिलाकर, पसीना बहाकर हमारी अर्थव्यवस्था का आधार तैयार कर रहे हैं। उन्होंने भांडेर में सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोलने की घोषणा करते हुए बताया कि इस विद्यालय में बच्चों को किताबें, यूनिफॉर्म और बेहतर शिक्षा का माहौल मिलेगा।

कांग्रेस शासन पर तीखी टिप्पणी, प्रदेशवासियों से अपील
सीएम ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में बच्चों को पेड़ के नीचे बैठकर पढ़ना पड़ता था, स्कूलों में पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी और अब हमारी सरकार ने इस क्षेत्र में सुधार किया है। उन्होंने किसानों को दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए बाबा साहब आंबेडकर योजना के तहत सब्सिडी देने की बात कही और कृषि-जल संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में केन-बेतवा नदी जोड़ो अभियान का महत्व बताया।

हर सेक्टर में विकास और किसानों की मदद
मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार हर क्षेत्र में विकास और जनता की मदद के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों से अपील की कि नरवाई जलाकर खेती न बिगाड़ें, बल्कि भूसे को गौशालाओं में दें। साथ ही, सरकार ने कृषि उपकरणों को किराये पर देने, भावांतर योजना में सरसों को शामिल करने और गेहूं की खरीद मूल्य बढ़ाने की घोषणाएं भी कीं।

दतिया में लोकार्पित और भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्य
सीएम यादव ने पीजी कॉलेज दतिया में विज्ञान संकाय भवन-केंटीन, माता रतनगढ़ समग्र विकास योजना में यात्री निवास भवन, पुलिस लाइन परिसर में रक्षित निरीक्षक कार्यालय, 33/11 केव्ही 5 एमवीए उप-केन्द्र, 3.15 एमवीए पॉवर परिणामित्र-2 की स्थापना और भांडेर में सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ततारपुर स्टेडियम, पंडोखर धाम और रामगढ़ माता मंदिर के पास विश्राम गृह का लोकार्पण किया। इसके अलावा सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के 50 सीटर बालक और 50 सीटर बालिका छात्रावास का भूमि-पूजन भी किया गया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.