E-20 पेट्रोल पर AAP का बड़ा शक्ति प्रदर्शन आज! केजरीवाल की अगुवाई में नेशनल टाउनहॉल, देशभर से जुड़ेंगे हजारों लोग

0 14

नई दिल्ली: ई-20 पेट्रोल को लेकर जारी विवाद के बीच आम आदमी पार्टी आज राजधानी दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में नेशनल टाउनहॉल आयोजित करेगी। पार्टी के अनुसार, यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे शुरू होगा, जिसमें देशभर से लोग ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से शामिल होकर ई-20 पेट्रोल से जुड़े अपने अनुभव और सुझाव साझा करेंगे। आम आदमी पार्टी का कहना है कि इस कार्यक्रम के आधार पर आगे की रणनीति भी तय की जाएगी।

देशभर से लोगों की भागीदारी का दावा

पार्टी का दावा है कि टाउनहॉल के लिए हजारों लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर से भी बड़ी संख्या में लोगों के कार्यक्रम में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होने की संभावना जताई गई है। आयोजन का उद्देश्य ई-20 पेट्रोल को लेकर लोगों की राय और अनुभव सामने लाना बताया गया है।

केजरीवाल के साथ मौजूद रहेंगी जानी-मानी शख्सियत

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ई-20 पेट्रोल से जुड़े मुद्दों पर चर्चा और आगे की रणनीति तय करने के लिए उनके साथ एक जानी-मानी शख्सियत भी कार्यक्रम में मौजूद रहेगी।

पुराने वाहनों पर असर का उठा रही है मुद्दा

आम आदमी पार्टी पिछले कुछ समय से ई-20 पेट्रोल के पुराने वाहनों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर सवाल उठा रही है। पार्टी का आरोप है कि ई-20 के इस्तेमाल से पुरानी गाड़ियों के इंजन और माइलेज पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इसी मुद्दे को लेकर लगातार अभियान भी चलाया जा रहा है।

29 ऑटोमोबाइल कंपनियों से मांगा था जवाब

ई-20 पेट्रोल के मुद्दे पर अरविंद केजरीवाल ने 29 ऑटोमोबाइल कंपनियों को पत्र लिखकर यह स्पष्ट करने की मांग की थी कि क्या ई-20 सभी पुरानी गाड़ियों के लिए सुरक्षित है। साथ ही यह भी पूछा गया था कि यदि इसके इस्तेमाल से वाहनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी।

लिखित जवाब नहीं मिलने का दावा

आम आदमी पार्टी का कहना है कि अब तक किसी भी ऑटोमोबाइल कंपनी ने इस संबंध में लिखित जवाब नहीं दिया है। हालांकि, पार्टी के अनुसार कुछ कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बैठक के दौरान मौखिक रूप से अपनी राय जरूर रखी थी। इसी मुद्दे पर जनमत जुटाने और आगे की रणनीति तय करने के उद्देश्य से आज का नेशनल टाउनहॉल आयोजित किया जा रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.