गोरखपुर में 20 से अधिक बड़े प्रोजेक्ट आखिरी चरण में, सीएम योगी के निर्देश के बाद प्रशासन अलर्ट

0 64

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद शहर के पहले सिक्सलेन पुल सहित आखिरी चरण में पहुंच चुकीं 20 से अधिक विकास परियोजनाओं की निगरानी प्रशासन ने कड़ी कर दी है। अब इन परियोजनाओं की प्रगति हर सप्ताह जांची जाएगी। खुद कमिश्नर अनिल ढींगरा और डीएम दीपक मीणा इस काम की निगरानी करेंगे। इनमें से करीब आधी परियोजनाएं अप्रैल या मई तक पूरी होने का अनुमान है और लोकार्पण की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।

सिक्सलेन पुल और ओवरब्रिज पर आवागमन जल्द
पैडलेगंज-टीपी नगर सिक्सलेन पुल इस माह के आखिरी या 15 मई तक वाहनों के लिए खोलने का दावा किया जा रहा है। पुल के दोनों तरफ के एप्रोच का निर्माण पखवारे भर में पूरा होगा। वहीं, देवरिया बाईपास ओवरब्रिज को सिक्सलेन ओवरब्रिज से जोड़ने का कार्य 30 अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा। इस ओवरब्रिज के खुलने से बड़ी आबादी को जाम से राहत मिलेगी, खासकर लखनऊ, दिल्ली, प्रयागराज और वाराणसी जाने वाले लोगों को।

अन्य परियोजनाओं की समयसीमा
अप्रैल में बरगदवां और चौरीचौरा ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा होने का दावा किया गया है। सिक्सलेन, बरगदवां और चौरीचौरा ओवरब्रिज के अलावा एचएन सिंह चौराहा से हड़हवा फाटक होते हुए गोरखनाथ मंदिर मार्ग तक सड़क निर्माण, हार्बर्ट बंधा फोरलेन मार्ग मई के अंत तक पूरे किए जाएंगे। विरासत गलियारा परियोजना 15 जून तक पूरी होने की उम्मीद है। पैडलेगंज से फिराक गोरखपुर चौक होते हुए बेतियाहाटा चौराहा तक फोरलेन, जिला जेल बाइपास फोरलेन मार्ग, भटहट-बांसस्थान फोरलेन मार्ग और शहीद बंधु सिंह पार्क में मल्टीलेवल पार्किंग/व्यवसायिक भवन का कार्य इसी माह समाप्त होने की संभावना है।

सीएम ने दी तेजी से कार्य करने की हिदायत
विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं का निर्माण दो तिहाई से अधिक पूरा हो चुका है, उन्हें मानसून से पहले पूरा कर लिया जाए ताकि बारिश के कारण कोई देरी न हो। उन्होंने शहीद बंधु सिंह पार्क सहित अन्य परियोजनाओं के जल्द लोकार्पण का संकेत भी दिया।

प्रशासन सतर्क, कार्यदायी संस्थाओं पर नजर
निर्माण कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश के साथ-साथ अगर कार्य सुस्त पाया गया तो कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। डीएम दीपक मीणा का कहना है कि जून तक ज्यादातर बड़े प्रोजेक्ट पूरे कर आमजन को समर्पित कर दिए जाएंगे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.