गौतमबुद्धनगर में प्रस्तावित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए जनसभा स्थल पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
हर विभाग को स्पष्ट जिम्मेदारी, समन्वय पर जोर
ब्रीफिंग के दौरान जिलाधिकारी ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय और बेहतर तालमेल के साथ कार्य करें। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सेवाएं, मीडिया प्रबंधन और कंट्रोल रूम संचालन जैसी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुसार समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
जनसभा स्थल और पार्किंग पर विशेष नजर
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनसभा स्थल, पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारु और व्यवधान रहित रहें। प्रशासन ने साफ किया कि कार्यक्रम के दौरान आमजन और अतिथियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, चेकिंग और ट्रैफिक प्लान तैयार
पुलिस आयुक्त ने ब्रीफिंग में कहा कि कार्यक्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। कार्यक्रम स्थल, निर्धारित मार्गों और आसपास के इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन, आवश्यक स्थानों पर साइनेज लगाने और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
अधिकारियों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी के निर्देश
सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें और पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के साथ शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

तय समयसीमा में पूरी हों तैयारियां
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों को कार्यक्रम संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई और निर्देशित किया गया कि सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि उद्घाटन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, एडिशनल सीपी (लाॅ एंड ऑर्डर) राजीव नारायण मिश्रा, एडिशनल सीपी (मुख्यालय) अजय कुमार, डीसीपी रवि शंकर निम, डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे सहित जिला प्रशासन, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना विकास प्राधिकरण, पुलिस विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।