दीपावली से पहले हापुड़ में नकली खोये की फैक्ट्री का भंडाफोड़! 16 क्विंटल मिलावटी माल बरामद, जेसीबी से कराया गया नष्ट
हापुड़: दीपावली के त्योहार से पहले उत्तर प्रदेश के हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने हापुड़ देहात क्षेत्र के लालपुर गांव में छापेमारी कर कथित तौर पर नकली खोया तैयार करने वाली फैक्ट्री पकड़ी। मौके से करीब 16 क्विंटल मिलावटी खोया बरामद हुआ, जिसे अधिकारियों ने जेसीबी की मदद से गड्ढा खुदवाकर जमीन में दबवा दिया।
गुप्त सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मारा छापा
खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना मिली थी कि लालपुर गांव में अवैध रूप से मिलावटी खोया तैयार किया जा रहा है। इसके बाद सहायक आयुक्त खाद्य चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में विभाग की विशेष टीम ने संबंधित ठिकाने पर औचक छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान मौके पर करीब 16 क्विंटल तैयार खोया मिला। अधिकारियों के मुताबिक, इसे पाम ऑयल या वनस्पति घी जैसी चीजों की मिलावट से तैयार किया जा रहा था। विभाग की टीम ने खोये की गुणवत्ता की जांच के लिए चार अलग-अलग नमूने भी लिए और उन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिया।
जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया गया 16 क्विंटल खोया
बरामद मिलावटी खोये को बाजार में बिकने से रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने उसे मौके पर ही नष्ट कराने का फैसला लिया। इसके लिए जेसीबी की मदद से जमीन में बड़ा गड्ढा खुदवाया गया और पूरा 16 क्विंटल खोया उसमें दबवा दिया गया।
3.20 लाख रुपये आंकी गई बरामद खोये की कीमत
खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक, नष्ट किए गए 16 क्विंटल मिलावटी खोये की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 20 हजार रुपये थी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।