अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयरों में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। लंबे समय तक भारी गिरावट झेलने के बाद अब शेयर में अचानक तेजी देखी जा रही है। गुरुवार को बीएसई में कंपनी का शेयर 5 प्रतिशत चढ़कर 89.36 रुपये पर पहुंच गया। इसके साथ ही कंपनी का बाजार पूंजीकरण भी 3651 करोड़ रुपये के पार निकल गया।
5 दिन में 32% से ज्यादा की जोरदार उछाल
रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयरों में पिछले पांच कारोबारी दिनों में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई है। 2 अप्रैल 2026 को 67.63 रुपये पर मौजूद यह शेयर 9 अप्रैल 2026 तक बढ़कर 89.36 रुपये तक पहुंच गया, यानी महज पांच दिन में 32 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी। इतना ही नहीं, 1 अप्रैल 2026 को शेयर अपने 52 हफ्ते के निचले स्तर 64.25 रुपये पर था, जहां से अब तक इसमें 37 प्रतिशत से अधिक की रिकवरी आ चुकी है। हालांकि, कंपनी का 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 425 रुपये रहा है। सितंबर 2025 तिमाही के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी में प्रमोटर की हिस्सेदारी 19.05 प्रतिशत और पब्लिक हिस्सेदारी 80.84 प्रतिशत है।
कभी 2641 रुपये से टूटकर 9 रुपये तक पहुंचा था शेयर
रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर का इतिहास बेहद उतार-चढ़ाव भरा रहा है। 15 जनवरी 2008 को कंपनी का शेयर 2641 रुपये के स्तर पर था, जो गिरते-गिरते 27 मार्च 2020 को महज 9.20 रुपये तक पहुंच गया। इस दौरान शेयर में 99 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, इस निचले स्तर से बाद में शेयर में 4300 प्रतिशत से ज्यादा की तेज रिकवरी भी देखने को मिली।
एक साल में 63% की गिरावट, हाल में फिर तेजी
हालांकि हालिया तेजी के बावजूद लंबी अवधि में शेयर अब भी दबाव में है। पिछले एक साल में कंपनी के शेयरों में 63 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है। 9 अप्रैल 2025 को 243.80 रुपये पर मौजूद यह शेयर 9 अप्रैल 2026 को 89.36 रुपये पर आ गया। पिछले छह महीनों में इसमें 61 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, साल 2026 में अब तक शेयर 43 प्रतिशत टूट चुका है और पिछले तीन महीनों में करीब 40 प्रतिशत की गिरावट आई है।