गोहाना क्षेत्र के गांव भंडेरी में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर से करीब 50 मीटर दूर पानी से भरे नाले में गिरने से लगभग तीन वर्षीय मासूम कार्तिक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है। इससे पहले नोएडा में भी पानी भरे गड्ढे में गिरकर एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत का मामला सामने आया था, जिसे लेकर लापरवाही पर सवाल उठे थे।
खेलते-खेलते नाले तक पहुंचा बच्चा
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे कार्तिक घर के बाहर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह पास बने नाले की ओर चला गया। यह नाला तालाब में पानी भरने के लिए बनाया गया था। करीब डेढ़ माह पहले तालाब की सफाई के दौरान इसी नाले से पानी डाला गया था, लेकिन बाद में भी उसमें काफी पानी जमा रह गया था।
फिसलकर गिरा, बाहर नहीं निकल सका
बताया गया कि नाले के पास पहुंचते ही बच्चा फिसल गया और गहरे पानी में गिर पड़ा। नाला गहरा होने और पानी अधिक होने के कारण वह खुद बाहर नहीं निकल सका और डूब गया। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। देर शाम खोजबीन के दौरान नाले से उसका शव बरामद हुआ।
ग्रामीणों में आक्रोश, पहले भी की थी मांग
हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। उनका आरोप है कि नाले के पास सुरक्षा के इंतजाम की मांग पहले भी की गई थी, लेकिन प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों का कहना है कि अगर नाले के आसपास कांटेदार झाड़ियां या बैरिकेडिंग कर दी जाती तो बच्चे वहां तक नहीं पहुंच पाते और हादसा टल सकता था।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक के पिता सचिन निजी नौकरी करते हैं। कार्तिक अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। बेटे की असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और प्रशासनिक स्तर पर भी घटना को लेकर रिपोर्ट तैयार की जा रही है।