ट्रंप की धमकी के बाद भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी, ईरान में रहने वाले भारतीयों को 48 घंटे घर में रहने के निर्देश
तेहरान: पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के बीच ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने एक नई सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों से अगले 48 घंटों तक घर के अंदर रहने की अपील की है। साथ ही दूतावास ने बिजली प्रतिष्ठान, सैन्य ठिकानों और बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों से दूर रहने की चेतावनी दी है।
48 घंटे तक घर के अंदर रहने की सलाह
दूतावास ने कहा कि पिछले निर्देशों के अनुरूप, भारतीय नागरिक अगले 48 घंटों तक घरों में ही रहें और केवल अत्यावश्यक होने पर ही आवागमन करें। राजमार्गों पर जाने के लिए दूतावास से समन्वय करना अनिवार्य है। वहीं, होटल या अन्य व्यवस्थित आवासों में रहने वाले नागरिकों को अपने कमरे छोड़ने से मना किया गया है और उन्हें दूतावास टीम के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा गया है।
आपातकालीन हेल्पलाइन जारी
भारतीय दूतावास ने आवश्यक सहायता के लिए चौबीसों घंटे चलने वाली आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
+989128109115
+989128109102
+989128109109
+989932179359
ईमेल: cons.tehran@mea.gov.in
दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे आधिकारिक अपडेट पर नजर रखें और किसी भी असामान्य स्थिति में तुरंत संपर्क करें।
ट्रंप ने दी सभ्यता खत्म करने की धमकी
इससे पहले मंगलवार को पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को धमकी दी थी। उन्होंने कहा कि यदि ईरान ने निर्धारित समयसीमा तक समझौता नहीं किया, तो “पूरी सभ्यता का अंत” हो सकता है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि यह दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण और जटिल क्षणों में से एक है। उन्होंने ईरान के लोगों के लिए ईश्वर से सुरक्षा की प्रार्थना भी की।