अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष अब 12वें दिन में पहुंच गया है। इस जंग की वजह से पश्चिम एशिया का माहौल इस समय काफी तनावपूर्ण और अस्थिर बना हुआ है। हालात को देखते हुए बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक भी इस क्षेत्र के अलग-अलग देशों में मौजूद हैं। ऐसे समय में भारत की प्रमुख एयरलाइन ने अपनी उड़ानों को लेकर अहम जानकारी साझा की है।
भारत की प्रमुख विमानन कंपनी एयर इंडिया और उसकी कम लागत वाली सहायक एयरलाइन एयर इंडिया एक्सप्रेस ने घोषणा की है कि दोनों मिलकर 11 मार्च को पश्चिम एशिया के लिए कुल 58 निर्धारित और विशेष उड़ानों का संचालन करेंगी।
संघर्ष के कारण हवाई क्षेत्र पर पड़ा असर
अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते टकराव के चलते पश्चिम एशिया के कई हिस्सों में हवाई क्षेत्र प्रभावित हुआ है। कुछ जगहों पर हवाई मार्ग अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं, जबकि कई क्षेत्रों में उड़ानों पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं। इसके बावजूद एयर इंडिया समूह ने यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सावधानी के साथ अपनी सेवाएं जारी रखने का फैसला किया है।
जेद्दा और मस्कट के लिए उड़ानें रहेंगी जारी
एयर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 11 मार्च को पश्चिम एशिया और भारत के बीच कुल 58 उड़ानें संचालित की जाएंगी। एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि जेद्दा और मस्कट के लिए उसकी नियमित सेवाएं भी जारी रहेंगी।
पहले भी संचालित हुई थीं कई उड़ानें
विमानन मंत्रालय के अनुसार, इससे पहले 9 मार्च को पश्चिम एशिया से भारतीय एयरलाइंस ने कुल 45 उड़ानों का संचालन किया था। इन उड़ानों के जरिए 7,047 यात्रियों ने यात्रा की थी। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस संयुक्त अरब अमीरात से आने-जाने वाली लगभग 36 अतिरिक्त अनियमित उड़ानें भी संचालित करती हैं, जो स्लॉट उपलब्धता और अन्य परिस्थितियों पर निर्भर करती हैं।