कान्स के लिए रवाना हुईं ऐश्वर्या राय, लेकिन एयरपोर्ट पर आराध्या बच्चन के ग्लैमरस अंदाज ने लूट ली महफिल

0 19

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन एक बार फिर कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपना जलवा बिखेरने के लिए फ्रांस रवाना हो गई हैं। गुरुवार को मुंबई एयरपोर्ट पर ऐश्वर्या अपनी बेटी आराध्या बच्चन के साथ नजर आईं। मां-बेटी की जोड़ी ने एयरपोर्ट पर आते ही कैमरों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। हालांकि इस बार चर्चा सिर्फ ऐश्वर्या तक सीमित नहीं रही, बल्कि आराध्या बच्चन का बदला हुआ ग्लैमरस अंदाज भी सोशल मीडिया पर छा गया।

एयरपोर्ट पर दिखी स्टाइलिश ट्विनिंग

एयरपोर्ट से सामने आए वीडियो और तस्वीरों में ऐश्वर्या और आराध्या दोनों ऑल ब्लैक लुक में नजर आईं। ऐश्वर्या ने ब्लैक शिमरी वर्क वाला ब्लेजर कैरी किया था, जिसके साथ उन्होंने खुले बाल और बड़ा टोट बैग रखा। वहीं आराध्या भी ब्लैक शर्ट, जैकेट और स्लिंग बैग के साथ बेहद स्टाइलिश अंदाज में दिखाई दीं।

खास बात यह रही कि आराध्या का हेयरस्टाइल और पूरा लुक काफी हद तक अपनी मां से मेल खाता नजर आया। एयरपोर्ट पर उनका आत्मविश्वास और अंदाज देखकर फैंस लगातार उनकी तारीफ कर रहे हैं।

आराध्या के ग्लैम लुक ने खींचा ध्यान

अब तक सादगी भरे लुक में नजर आने वाली आराध्या इस बार पूरी तरह ग्लैमरस अवतार में दिखाई दीं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग उनके कॉन्फिडेंस और स्टाइल की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

कई फैंस ने कमेंट करते हुए कहा कि आराध्या खुद को किसी मॉडल की तरह कैरी कर रही हैं, जबकि कुछ लोगों ने लिखा कि इस बार एयरपोर्ट लुक में उन्होंने अपनी मां ऐश्वर्या को भी कड़ी टक्कर दे दी।

ऐश्वर्या ने छोटे फैन के साथ खिंचवाई तस्वीर

एयरपोर्ट पर ऐश्वर्या राय हमेशा की तरह बेहद सहज और मुस्कुराती हुई नजर आईं। उन्होंने पैपराजी का अभिवादन किया और एक छोटे फैन के साथ तस्वीर खिंचवाकर सभी का दिल जीत लिया। इसके बाद वह आराध्या के साथ एयरपोर्ट के अंदर चली गईं।

सोशल मीडिया पर उठे थे सवाल

पिछले कुछ दिनों से ऐसी चर्चाएं थीं कि शायद इस बार ऐश्वर्या कान्स फिल्म फेस्टिवल का हिस्सा नहीं बनेंगी। दरअसल, हाल ही में एक कॉस्मेटिक ब्रांड द्वारा जारी प्रमोशनल वीडियो में कई ग्लोबल एम्बेसडर्स नजर आए, लेकिन ऐश्वर्या उसमें दिखाई नहीं दीं।

वीडियो में आलिया भट्ट, वियोला डेविस, ईवा लॉन्गोरिया और हेलेन मिरेन जैसी हस्तियां शामिल थीं। ऐश्वर्या की गैरमौजूदगी के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने सवाल उठाने शुरू कर दिए थे।

हालांकि अब उनके फ्रांस रवाना होने के बाद साफ हो गया है कि वह इस बार भी कान्स रेड कार्पेट पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने वाली हैं।

दो दशकों से कान्स का हिस्सा हैं ऐश्वर्या

ऐश्वर्या राय ने पहली बार साल 2002 में फिल्म ‘देवदास’ के प्रीमियर के लिए कान्स फिल्म फेस्टिवल में हिस्सा लिया था। उस दौरान उनके साथ शाहरुख खान और निर्देशक संजय लीला भंसाली भी मौजूद थे।

इसके बाद 2003 में वह लोरियल पेरिस की ग्लोबल ब्रांड एम्बेसडर बनीं और तभी से लगभग हर साल कान्स रेड कार्पेट पर दिखाई देती रही हैं। अपने शानदार गाउन, ट्रेडिशनल साड़ी लुक और अनोखे फैशन स्टाइल के चलते ऐश्वर्या हर बार अंतरराष्ट्रीय मंच पर चर्चा का केंद्र बनी हैं।

इस साल भी फैंस को उनके कान्स लुक का बेसब्री से इंतजार है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.