दादरी से सियासी बिगुल फूंकेंगे अखिलेश यादव, वेस्ट यूपी की राजनीति में हलचल तेज

0 28

ग्रेटर नोएडा के दादरी में आज समाजवादी पार्टी की बड़ी शक्ति प्रदर्शन रैली होने जा रही है। मिहिर भोज डिग्री कॉलेज में आयोजित ‘समाजवादी समानता भाईचारा रैली’ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव शिरकत करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के बड़े राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

32 जिलों की 140 विधानसभाओं से जुटेगी भीड़
पार्टी के जिला संगठन के मुताबिक इस रैली में उत्तर प्रदेश के 32 जिलों की 140 विधानसभा क्षेत्रों से लोगों के पहुंचने का दावा किया गया है। आयोजकों का कहना है कि यह रैली आगामी विधानसभा चुनाव का शंखनाद साबित होगी और भीड़ के लिहाज से ऐतिहासिक होगी।

PDA फॉर्मूले पर फोकस
जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी के अनुसार रैली में सर्वधर्म, सर्वजाति और सर्वसमाज के लोगों की भागीदारी होगी, लेकिन मुख्य रूप से पीडीए (पिछड़ा, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और आधी आबादी) वर्ग की उपस्थिति अधिक रहने की बात कही जा रही है। इसके साथ ही सामान्य वर्ग के लोगों के शामिल होने का भी दावा किया गया है।

गुर्जर समाज की भूमिका अहम
इस रैली के आयोजन में गुर्जर समाज की प्रमुख भूमिका बताई जा रही है। पार्टी नेताओं का मानना है कि इस आयोजन के जरिए गुर्जर समाज को प्रदेश की राजनीति में नई पहचान और मजबूती मिलेगी। रैली की तैयारियों के लिए जिला और विधानसभा स्तर पर प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।

2027 चुनाव से पहले ताकत दिखाने की तैयारी
सपा नेताओं के अनुसार यह रैली सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित करने वाली पहल साबित हो सकती है। पार्टी कार्यकर्ताओं में इसे लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है और संगठन स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.