आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार के बजट को लेकर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हाल ही में दिल्ली और लखनऊ में बजट पेश किए गए, लेकिन आगरा के जूता उद्योग से जुड़े लोग राहत की उम्मीद में दर-दर भटकते रहे और उनके जूते तक घिस गए, फिर भी बजट में उन्हें कुछ नहीं मिला।
यमुना सफाई और ट्रिलियन इकोनॉमी सिर्फ सपना
अखिलेश यादव ने कहा कि पर्यटन कारोबारियों को यमुना की सफाई और ट्रिलियन इकोनॉमी का सपना दिखाया गया था, लेकिन हकीकत यह है कि यमुना आज भी पहले जैसी ही है। स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता से पैसा लिया गया, लेकिन अब तक लोगों को शुद्ध पेयजल तक उपलब्ध नहीं कराया जा सका। उन्होंने कहा कि बजट का आकार कागजों में बड़ा दिखाया जा रहा है, जबकि जमीन पर कुछ नजर नहीं आता।
स्मार्ट सिटी में उखड़ी सड़कें और खुले नाले
निजी कार्यक्रम में आगरा पहुंचे सपा प्रमुख ने कहा कि आगरा को स्मार्ट सिटी कहा जा रहा है, लेकिन सैंपल रोड उखड़ी पड़ी है, नाले खुले हैं, जगह-जगह जाम लगा रहता है और गंदगी के अंबार लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदूषण, रोजगार और महंगाई जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार पूरी तरह विफल रही है। साथ ही सवाल उठाया कि सरकार और जनप्रतिनिधियों का बजट आखिर जा कहां रहा है।
भूमिगत भूमाफिया को दिया बढ़ावा
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने विकास के बजाय भूमिगत भूमाफिया को जन्म दिया है। आम जनता की समस्याओं पर कोई ठोस काम नहीं हुआ और केवल आंकड़ों की बाजीगरी की जा रही है।
अमेरिका ट्रेड डील पर भी उठाए सवाल
अमेरिका के साथ ट्रेड डील को लेकर सपा अध्यक्ष ने कहा कि पूरा बाजार अमेरिका को बेच दिया गया है, जिससे अमीर-गरीब की खाई और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि दालें हटाने की बात तो की जा रही है, लेकिन सरकार यह स्पष्ट नहीं कर रही कि कौन-कौन से कृषि उत्पाद देश में आएंगे और कौन-से नहीं। आलू किसानों और कारोबारियों को भी किसी तरह की राहत नहीं मिली है। बिजली महंगी है और स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं।
पुलिस व्यवस्था और चुनाव आयोग पर निशाना
उन्होंने कहा कि 100 डायल की व्यवस्था खराब कर दी गई है। पुलिस की हथेली गरम और पुलिस नरम हो गई है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि प्रदेश की जनता आने वाले विधानसभा चुनाव में पीडीए के साथ खड़ी होकर भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत फार्म-7 के आधार पर पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों और सपा समर्थक अगड़ों के वोट कटवाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने चुनाव आयोग को भी कठघरे में खड़ा किया।
आगरा में भाजपा का कोई ठोस विकास नहीं
सपा प्रमुख ने कहा कि मेट्रो उतनी ही चल रही है, जितनी समाजवादियों ने शुरू कराई थी। ताजमहल के आसपास जो भी विकास हुआ है, वह समाजवादी सरकारों की देन है। भाजपा ने अपने कार्यकाल में कोई नया विकास कार्य नहीं कराया, केवल मुगल म्यूजियम का नाम बदलकर छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम कर दिया गया।