अलवर मर्डर मिस्ट्री: टैक्सी ड्राइवर से अवैध संबंध में पति की हत्या की साजिश, ऑडियो क्लिप से खुला पूरा राज
नई दिल्ली। राजस्थान के अलवर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आईसीआईसीआई बैंक के रीजनल हेड कर्णव खत्री (32) की हत्या की साजिश उनकी पत्नी अर्चना अरोड़ा (30) और टैक्सी ड्राइवर प्रेमी ऋषभ शर्मा ने मिलकर रची थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है।
शादी के बाद शुरू हुआ रिश्ता, फिर बना खतरनाक प्रेम प्रसंग
जानकारी के अनुसार, कर्णव खत्री की शादी वर्ष 2018 में अर्चना अरोड़ा से हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। कर्णव की पोस्टिंग जयपुर में थी, जिसके चलते उनका आवागमन लगा रहता था। इसी दौरान अर्चना का जयपुर आना-जाना टैक्सी ड्राइवर ऋषभ शर्मा के साथ होने लगा और धीरे-धीरे दोनों के बीच अवैध संबंध बन गए। दोनों ने साथ रहने की योजना बनाते हुए पति को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
5 लाख की नकदी-जेवर लेकर फरार हुई पत्नी
पुलिस जांच में सामने आया है कि 7 सितंबर 2025 को अर्चना अपने प्रेमी ऋषभ के साथ घर से करीब 5 लाख रुपये के गहने और नकदी तथा अपने छोटे बेटे को लेकर फरार हो गई थी। इसके बाद दोनों ने मिलकर कर्णव को लगातार धमकियां देना शुरू कर दिया।
50 लाख की फिरौती और जान से मारने की धमकी
फरवरी 2026 में ऋषभ ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए कर्णव से 50 लाख रुपये की मांग की और रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद मार्च 2026 में टैक्सी यात्रा के दौरान कर्णव को रास्ते में खत्म करने की कोशिश भी की गई।
ऑडियो क्लिप ने खोला साजिश का राज
कर्णव खत्री ने 7 मार्च 2026 को एनईबी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए एक ऑडियो क्लिप भी पुलिस को सौंपी, जिसमें पूरी साजिश के सबूत मौजूद थे। इसी आधार पर पुलिस ने जांच तेज की और पूरे मामले की परतें खुलने लगीं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुधवार शाम अर्चना अरोड़ा और ऋषभ शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। अर्चना को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि ऋषभ शर्मा को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की आगे जांच जारी है।