अमित शाह ने उत्तरी गुजरात के भाजपा नेताओं के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की

0 409

पालनपुर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को यहां उत्तरी गुजरात में स्थित जिलों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं के साथ बैठक की और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, अमित शाह ने बनासकांठा जिले में पालनपुर शहर के एक मेडिकल कॉलेज में यह बैठक की।

इस बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और प्रदेश भाजपा प्रमुख सी. आर. पाटिल समेत अन्य नेता मौजूद थे। उन्होंने कहा कि उत्तर गुजरात जोन के विधायक, सांसद, पंचायत अध्यक्ष, स्थानीय पार्टी पदाधिकारी और सहकारी समितियों के प्रतिनिधि सहित अन्य भाजपा नेता इस बैठक में शामिल हुए। शाह ने पिछले तीन दिन में तीसरी बार जोन स्तरीय बैठक की है।

इससे पहले, पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने क्रमशः वलसाड और वडोदरा में दक्षिण एवं मध्य जोन की इसी तरह की बैठकों में भाग लिया। वह सौराष्ट्र जोन की बैठक के लिए मंगलवार को गिर सोमनाथ जिले के वेरावल में होंगे।

पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि इन बैठकों का मकसद 182 सदस्यीय विधानसभा के लिए आगामी चुनाव में 150 सीट जीतने के भाजपा के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को पूरा करने की खातिर सुझाव मांगना और मार्गदर्शन एवं रणनीति तैयार करना है। कांग्रेस ने 1985 के विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड 149 विधानसभा सीट पर जीत हासिल की थी। उत्तरी गुजरात जोन के जिलों में बनासकांठा, महेसाना, साबरकांठा, पाटन, गांधीनगर और अहमदाबाद हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.