कोलकाता में तेज आंधी-तूफान का असर: दो घंटे हवा में चक्कर काटता रहा अमित शाह का विमान

0 22

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शुक्रवार आधी रात आए भीषण आंधी-तूफान का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का विमान खराब मौसम के कारण तय समय पर लैंड नहीं कर सका और करीब दो घंटे की देरी के बाद एयरपोर्ट पर उतरा।

तय समय से दो घंटे बाद हुई लैंडिंग

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली से रवाना हुआ विशेष विमान रात 11 बजकर 46 मिनट पर कोलकाता पहुंचने वाला था, लेकिन ‘काल बैसाखी’ के चलते तेज बारिश और बिजली गिरने की स्थिति बनी रही। इस कारण विमान को नदिया और उत्तर 24 परगना के हवाई क्षेत्र में लंबे समय तक चक्कर लगाना पड़ा। आखिरकार मौसम में कुछ सुधार होने के बाद विमान रात 1 बजकर 46 मिनट पर सुरक्षित उतारा गया।

रात दो बजे होटल के लिए रवाना हुए अमित शाह

विमान के लैंड करने के बाद अमित शाह करीब दो बजे काफिले के साथ एयरपोर्ट से शहर के एक होटल के लिए रवाना हुए। वहां भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। बताया गया कि गृह मंत्री रात 10 बजकर 46 मिनट पर दिल्ली से रवाना हुए थे।

ममता बनर्जी को भी झेलनी पड़ी थी ऐसी ही दिक्कत

इससे एक दिन पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी खराब मौसम के चलते इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा था। अंडाल से लौटते समय उनका विमान भी करीब एक घंटे तक कोलकाता एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सका था। बाद में मौसम सामान्य होने पर विमान को सुरक्षित उतारा गया।

चुनावी सरगर्मी के बीच बढ़ा मौसम का असर

पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हैं। राज्य में 7 मई 2026 को मौजूदा सरकार का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, जिसके मद्देनजर चुनाव आयोग ने मतदान कार्यक्रम घोषित कर दिया है।

दो चरणों में होगा मतदान, 4 मई को आएंगे नतीजे

चुनाव आयोग के अनुसार, राज्य की 294 विधानसभा सीटों के लिए मतदान दो चरणों में कराया जाएगा। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर वोटिंग होगी, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान कराया जाएगा। चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। राज्य में लगभग 7.04 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.