उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और बिगड़ती हवा का असर अब सीधे बच्चों की पढ़ाई पर नजर आने लगा है। नोएडा के बाद कई अन्य शहरों, जिलों और राज्यों में भी स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव कर दिया गया है। कहीं स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाई गई हैं तो कहीं ऑनलाइन क्लास का विकल्प तैयार किया जा रहा है। अगर आपका बच्चा भी स्कूल जाता है, तो जान लीजिए किन-किन जगहों पर स्कूलों का समय बदला गया है।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बदली स्कूलों की टाइमिंग
गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन ने घने कोहरे और भीषण ठंड को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव का आदेश जारी किया है। जिलाधिकारी के निर्देश के अनुसार 19 जनवरी 2026 से अगले आदेश तक जिले के सभी स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे। यह आदेश सरकारी और निजी, दोनों तरह के स्कूलों पर लागू होगा। इसमें CBSE, ICSE, IB और यूपी बोर्ड से जुड़े सभी स्कूल शामिल हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का सख्ती से पालन कराया जाएगा और नियमों की अनदेखी करने पर कार्रवाई भी हो सकती है।
गाजियाबाद में भी बदला गया स्कूलों का समय
गाजियाबाद में स्कूलों को दोबारा खोलने का फैसला लिया गया है, लेकिन बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टाइमिंग में बदलाव किया गया है। यहां 16 जनवरी से स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चल रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक यह व्यवस्था फिलहाल अस्थायी है और मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे इसमें बदलाव किया जा सकता है।
दिल्ली-NCR में ऑनलाइन क्लास पर मंथन
दिल्ली-NCR में ठंड, कोहरा और प्रदूषण की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। ऐसे में प्रशासनिक स्तर पर यह विचार किया जा रहा है कि हालात और बिगड़ने पर 10वीं और 12वीं को छोड़कर बाकी कक्षाओं को ऑनलाइन या हाइब्रिड मोड में शिफ्ट किया जा सकता है। इसमें गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर जैसे जिले शामिल हो सकते हैं। हालांकि, अभी तक स्कूल पूरी तरह बंद करने को लेकर कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है।
पंजाब और हरियाणा में भी असर
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। कई इलाकों में विजिबिलिटी घटकर 5 से 10 मीटर तक रह गई है। चंडीगढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पंजाब के कई जिलों में येलो से ऑरेंज अलर्ट लागू है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए पंजाब सरकार ने स्कूलों की टाइमिंग सुबह 9 बजे से बढ़ाकर 10 बजे कर दी है।