उड़ान भरते ही विमान में आई तकनीकी खराबी, 40 मिनट तक आसमान में ही मंडराता रहा; करवानी पड़ी आपातकालीन लैंडिंग

0 7,641

हैदराबाद: आंध्र प्रदेश के तिरुपति से तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में तकनीकी खराबी आ गई। उड़ान भरने के कुछ समय बाद विमान को 40 मिनट तक आसमान में मंडराना पड़ा, जिसके बाद तिरुपति एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई।

रविवार शाम इंडिगो की एयरबस A321neo फ्लाइट ने तिरुपति एयरपोर्ट से शाम 7:42 बजे उड़ान भरी थी। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट FlightRadar24 के अनुसार, विमान उड़ान भरने के बाद तिरुपति के वेंकेटनगरी क्षेत्र तक पहुंचा, लेकिन तकनीकी गड़बड़ी के कारण वहां से यू-टर्न लेकर लगभग 40 मिनट तक हवा में चक्कर लगाता रहा। अंततः शाम 8:34 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग तिरुपति एयरपोर्ट पर कराई गई।

घटना के दौरान विमान में सवार यात्री काफी घबरा गए थे। हालांकि, पायलट की सूझबूझ और ग्राउंड कंट्रोल के सहयोग से सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया।

वहीं दूसरी ओर, इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट पर यह जानकारी दी गई कि फ्लाइट ने शाम 7:20 बजे उड़ान भरी और 8:30 बजे हैदराबाद पहुंची, जो वास्तविक घटनाक्रम से मेल नहीं खाती। इसके अलावा, तिरुपति से हैदराबाद के लिए दिन की अंतिम फ्लाइट को भी रद्द कर दिया गया।

यात्रियों का गुस्सा फूटा
फ्लाइट रद्द होने और जानकारी की कमी के चलते यात्रियों ने एयरलाइन के प्रति नाराजगी जाहिर की। सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें यात्री इंडिगो स्टाफ से बहस करते नजर आ रहे हैं। फिलहाल इंडिगो की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.