असम विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने अपनी पहली प्रत्याशी सूची जारी कर दी है। पार्टी ने 17 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित करते हुए चुनावी मैदान में उतरने का बिगुल बजा दिया है। राज्य में TMC का मुकाबला मुख्य रूप से भाजपा और कांग्रेस से माना जा रहा है।
इन 17 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान
टीएमसी द्वारा जारी सूची में विभिन्न विधानसभा सीटों के लिए 17 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। पार्टी ने बाओखुंगरी से दांगी नार्जरी, बिलासीपारा से मोमिनूर इस्लाम, जलेश्वर से आरिफ अख्तर अहमद, अभयपुरी से कौशिक रंजन दास, बजली से कल्याणी कलिता, चमरिया से दालू अहमद, बोको-चायगांव से भोगलाल राभा, पालास्बरी से बिकास नाथ योगी, बरखेत्री से अमिरुल इस्लाम, गोरेश्वर से रंजन चौहान, मंगलादाई से हरे कृष्णा डेका, धेमाजी से नरेंद्र कुमार पॉ, दिग्बोई से जितेन नाग, माकुम से दिलीप मोरन, उधारबोंद से तापस दास, काटीगोरा से फजलूर रहमान लश्कर और सोनाई से शाहजहां लश्कर को टिकट दिया है।
एक चरण में होगा मतदान
चुनाव आयोग ने असम में एक ही चरण में मतदान कराने का फैसला किया है। राज्य में 9 अप्रैल 2026 को वोट डाले जाएंगे। नामांकन की अंतिम तारीख 23 मार्च तय की गई है, जिसके बाद उम्मीदवारों की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।
4 मई को आएंगे नतीजे
असम में मौजूदा सरकार का कार्यकाल 20 मई 2026 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में चुनावी प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के लिए 4 मई को मतगणना और नतीजों का ऐलान किया जाएगा।
2.25 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान
चुनाव आयोग के मुताबिक, राज्य में करीब 2.25 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस बार का चुनाव बेहद अहम माना जा रहा है, जहां सभी प्रमुख दल अपनी-अपनी रणनीति के साथ मैदान में उतर चुके हैं।