38 की उम्र में मेसी का महाविस्फोट! पहली वर्ल्ड कप हैट्रिक से रचा इतिहास, रोनाल्डो-पेले के रिकॉर्ड पड़े पीछे
कैनसस सिटी: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अर्जेंटीना ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए अल्जीरिया को 3-0 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के सबसे बड़े नायक कप्तान लियोनल मेसी रहे, जिन्होंने मुकाबले में हैट्रिक लगाकर न सिर्फ टीम को जीत दिलाई, बल्कि विश्व फुटबॉल के कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए। 38 साल की उम्र में मेसी का यह प्रदर्शन लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
मैच की शुरुआत से ही मेसी बेहतरीन लय में दिखाई दिए। उन्होंने तीन गोल दागकर अल्जीरिया की चुनौती को पूरी तरह खत्म कर दिया। खास बात यह रही कि यह उनके वर्ल्ड कप करियर की पहली हैट्रिक है। इसके साथ ही अर्जेंटीना ने टूर्नामेंट में जीत के साथ दमदार आगाज किया।
6 वर्ल्ड कप खेलने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने
इस मुकाबले के साथ मेसी ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह छह अलग-अलग फीफा वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए हैं। इससे पहले कोई भी खिलाड़ी इतने वर्ल्ड कप संस्करणों में मैदान पर नहीं उतरा था।
क्लोजे के रिकॉर्ड की कर ली बराबरी
अल्जीरिया के खिलाफ तीन गोल करने के बाद मेसी के वर्ल्ड कप गोलों की संख्या 16 पहुंच गई। इसके साथ ही उन्होंने जर्मनी के दिग्गज स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोजे के 16 गोलों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब दोनों खिलाड़ी वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले फुटबॉलरों की सूची में संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।
सबसे उम्रदराज हैट्रिक लगाने वाले खिलाड़ी बने
मेसी ने इस मुकाबले में एक और ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम किया। 38 वर्ष 357 दिन की उम्र में वर्ल्ड कप में हैट्रिक लगाने वाले वह सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने क्रिस्टियानो रोनाल्डो का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 33 वर्ष 130 दिन की उम्र में वर्ल्ड कप हैट्रिक लगाई थी।
इसके अलावा मेसी वर्ल्ड कप के एक मैच में एक से अधिक गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बन गए। इस मामले में उन्होंने कैमरून के महान खिलाड़ी रोजर मिला का रिकॉर्ड तोड़ा।
पेले का बड़ा रिकॉर्ड भी टूटा
अर्जेंटीना के कप्तान ने ब्राजील के महान फुटबॉलर पेले का एक और महत्वपूर्ण रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया। मैच से पहले मेसी और पेले दोनों के नाम वर्ल्ड कप में 21-21 गोल योगदान दर्ज थे। अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक के बाद मेसी का आंकड़ा 24 तक पहुंच गया।
अब उनके नाम वर्ल्ड कप इतिहास में 16 गोल और 8 असिस्ट दर्ज हैं, जो उन्हें इस सूची में सबसे आगे ले जाता है।
वर्ल्ड कप इतिहास में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी
16 गोल – मिरोस्लाव क्लोजे, लियोनल मेसी
15 गोल – रोनाल्डो (ब्राजील)
14 गोल – गर्ड मुलर, किलियन एम्बाप्पे
13 गोल – जस्ट फॉनटेन
12 गोल – पेले
11 गोल – सैंडोर कोक्सिस, जुर्गन क्लिंसमैन
10 गोल – हेल्मुट रहन, गेब्रियल बतिस्तुता, गैरी लिनेकर, टेओफिलो क्यूबिलास, थॉमस मुलर, ग्रेजगोर्ज लाटो