गौतमबुद्धनगर में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण को लेकर अटल अभ्युदय योजना के तहत अहम पहल की गई है। जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने जानकारी दी कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की इस योजना के अंतर्गत राज्य कार्ययोजना के तहत जनपद में विभिन्न गतिविधियों के संचालन के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके लिए पात्र गैर सरकारी संगठन और स्वैच्छिक संगठनों से 24 मार्च 2026 तक प्रस्ताव मांगे गए हैं।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए होंगी कई कल्याणकारी गतिविधियां
योजना के अंतर्गत जनपद में मोतियाबिंद सर्जरी, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर, उत्पादक वृद्धावस्था गतिविधियां, जागरूकता कार्यक्रम, अंतर-पीढ़ीगत जुड़ाव कार्यक्रम समेत वरिष्ठ नागरिकों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जाएंगी।
जनपद स्तरीय समिति करेगी एनजीओ का चयन
इन गतिविधियों के संचालन के लिए संस्थाओं का चयन जनपद स्तरीय वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति द्वारा किया जाएगा। चयन प्रक्रिया निर्धारित अर्हताओं और शर्तों के आधार पर की जाएगी।
पंजीकरण और जरूरी शर्तें अनिवार्य
आवेदन करने वाली संस्था के पास सोसाइटी पंजीकरण अधिनियम 1860 या संबंधित अधिनियम के अंतर्गत वैध पंजीकरण होना चाहिए। साथ ही Clinical Establishment Act के तहत पंजीकृत अस्पताल के साथ एमओयू अनिवार्य है। संस्था का राष्ट्रीयकृत बैंक में खाता होना चाहिए और नीति आयोग के एनजीओ दर्पण पोर्टल पर पंजीकरण भी जरूरी है।
अनुभव और दस्तावेजों की शर्तें तय
संस्था का पंजीकरण 1 जुलाई 2022 से पूर्व का होना चाहिए। पैन कार्ड, जीएसटी प्रमाण पत्र, पिछले दो वर्षों की प्रगति रिपोर्ट और तीन वित्तीय वर्षों (2022-23, 2023-24, 2024-25) के ऑडिट लेखा विवरण प्रस्तुत करना अनिवार्य है। मोतियाबिंद सर्जरी में कम से कम दो वर्षों का अनुभव और 250 सफल सर्जरी का रिकॉर्ड भी जरूरी रखा गया है।
शपथ पत्र और घोषणा पत्र भी जरूरी
आवेदन के साथ 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर यह शपथ पत्र देना होगा कि संस्था किसी भी सरकारी निकाय द्वारा ब्लैकलिस्ट नहीं है। साथ ही संस्था के लेटरहेड पर निर्धारित प्रारूप में घोषणा पत्र भी संलग्न करना होगा।
24 मार्च तक जमा करें प्रस्ताव
पात्र एनजीओ और स्वैच्छिक संगठन अपने प्रस्ताव जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, कक्ष संख्या 116, विकास भवन, सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा में 24 मार्च 2026 तक जमा कर सकते हैं।