Atal Vayo Abhyuday Yojana: वरिष्ठ नागरिकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाने हेतु स्वैच्छिक संगठनों से मांगे गए प्रस्ताव, 28 फरवरी तक करें आवेदन

0 20

गौतमबुद्धनगर। वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण को लेकर केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी अटल वयो अभ्युदय योजना (AVYAY) के अंतर्गत जनपद में जागरूकता एवं सामुदायिक जुड़ाव गतिविधियों के संचालन के लिए स्वैच्छिक संगठनों से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी गौतमबुद्धनगर सतीश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत सरकार द्वारा योजना के घटक ‘वरिष्ठ नागरिकों हेतु राज्य कार्य योजना (SAPSrC)’ संचालित की जा रही है।

इस योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों और वृद्धजनों के लिए अनुमोदित गतिविधियों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। श्रेणी-3 की जागरूकता और सामुदायिक जुड़ाव गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उपनिदेशक, समाज कल्याण की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा पात्र सरकारी एवं स्वैच्छिक संगठनों का चयन किया जाएगा। चयनित संस्थाओं को आवश्यकतानुसार योजना के कार्यान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

ये होंगी अनिवार्य पात्रताएं और शर्तें

योजना के तहत आवेदन करने वाले संगठनों को निर्धारित अर्हताओं और शर्तों का पालन करना अनिवार्य होगा। संस्था के पास सोसायटी पंजीकरण अधिनियम, 1860 (1860 का XXI) अथवा राज्य/केंद्र शासित प्रदेश के संबंधित अधिनियम के तहत वैध पंजीकरण प्रमाण पत्र होना चाहिए। साथ ही Clinical Establishments Act के तहत पंजीकृत अस्पताल के साथ एमओयू अनिवार्य है।

गैर-सरकारी संगठन (NGOs) या स्वैच्छिक संगठन (VOs) के नाम से किसी राष्ट्रीयकृत बैंक में संचालित खाता होना चाहिए। संस्था का नीति आयोग के NGO Darpan पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। साथ ही संस्था का पंजीकरण 01 जुलाई 2022 से पूर्व का होना चाहिए।

आवेदन के साथ पैन कार्ड और जीएसटी प्रमाण पत्र की प्रति, विगत दो वर्षों की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट, वित्तीय वर्ष 2022-23, 2023-24 और 2024-25 के ऑडिटेड लेखा विवरण संलग्न करना आवश्यक होगा। इसके अलावा 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर शपथ पत्र देना होगा कि संस्था किसी भी सरकारी निकाय द्वारा ब्लैकलिस्ट नहीं है। संस्था के लेटरहेड पर घोषणा पत्र (Annexure-2) भी अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा। अन्य शर्तें जनपद स्तरीय समिति की सहमति से निर्धारित की जाएंगी।

28 फरवरी 2026 तक जमा करें प्रस्ताव

निर्धारित पात्रताओं को पूरा करने वाले इच्छुक गैर-सरकारी संगठन और स्वैच्छिक संगठन अपने प्रस्ताव 28 फरवरी 2026 तक कार्यालय जिला समाज कल्याण अधिकारी, विकास भवन, सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर में जमा कर सकते हैं।

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि योजना का उद्देश्य जिले में वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, जागरूकता कार्यक्रम और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से सशक्त बनाना है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.