Auto Expo 2025: PM मोदी आज ऑटो एक्सपो का करेंगे उद्घाटन, जानें पिछले साल वाहनों की बिक्री में कितने प्रतिशत की हुई वृद्धि
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री आज शुक्रवार यानी 17 जनवरी को देश के सबसे बड़े मोबिलिटी एक्सपो ‘भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025’ का उद्घाटन मंडपम में करने वाले हैं। देश का यह बड़ा एक्सपो 17 से 22 जनवरी तक तीन अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें नौ से अधिक शो, 20 से अधिक सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं।प्रधानमंत्री कार्यालय यानी पीएमओ ने एक बयान में कहा है कि इसके अलावा एक्सपो में मोबिलिटी सेक्टर में नीतियों और पहलों को प्रदर्शित करने के लिए स्टेट सेशन भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे उद्योग और राज्यों के भी सहयोग को बढ़ाया जाएगा।
इस बार के आयोदन में वैश्विक महत्व पर दिया जा रहा जोर
इस वर्ष 2025 के आयोजन में वैश्विक महत्व पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिसमें दुनिया भर से प्रदर्शक और आगंतुक भाग लिए हैं। भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो, एक्सपो इंडस्ट्री के नेतृत्व वाला और सरकार समर्थित इनिशिएटिव है, जिसका समन्वय भारतीय इंजीनियरिंग निर्यात संवर्धन परिषद (ईईपीसी) द्वारा विभिन्न उद्योग निकायों एवं साझेदार संगठनों के सहयोग से किया जा रहा है। सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के मुताबिक, भारत की ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की थोक बिक्री 2024 में सालाना आधार पर 11.6 प्रतिशत बढ़कर 2.5 करोड़ यूनिट्स हो गई है। इन आंकड़ों के साथ भारत पिछले साल दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा कार मार्केट बना गया था।

2024 में दोपहिया वाहनों में 14.5% की वृद्धि
बता दें, बीते साल 2024 में दोपहिया वाहन सेगमेंट ने ग्रोथ को लीड किया है। 2023 के मुकाबले पिछले साल दोपहिया वाहन सेगमेंट में 14.5 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है। इसके साथ ही 1.95 करोड़ यूनिट्स की बिक्री हुई है। इसके अलावा यात्री वाहनों और तिपहिया सेगमेंट में भी पिछले साल अब तक की सबसे अधिक बिक्री का रिकॉर्ड है।
यात्री वाहनों के सेगमेंट में पिछले वर्ष की तुलना में 2024 में 4.2 प्रतिशत की वृद्धि देखने को मिली है और सेल की बात करें, तो यह लगभग 43 लाख यूनिट्स रही है। तिपहिया वाहनों में पिछले वर्ष की तुलना में 2024 में 6.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। तिपहिया वाहनों की 7.3 लाख यूनिट्स बिक्री हुई है।