Avatar Fire and Ash OTT Release: घर बैठे देखें जेम्स कैमरून की ब्लॉकबस्टर, जानें कब और कहां होगी स्ट्रीमिंग
हॉलीवुड के मशहूर निर्देशक जेम्स कैमरून की साइंस फिक्शन फिल्म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ अब थिएटर के बाद ओटीटी पर दस्तक देने जा रही है। 19 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन किया और दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय रही। अब भारतीय दर्शक भी इस विजुअली शानदार फिल्म का आनंद घर बैठे ले सकेंगे।
पहले PVOD पर मिलेगी फिल्म देखने का मौका
ओटीटी रिलीज से पहले मेकर्स फिल्म को प्रीमियम वीडियो ऑन डिमांड यानी PVOD पर उपलब्ध कराने जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 31 मार्च 2026 से दर्शक इसे अमेजन प्राइम वीडियो और एप्पल टीवी जैसे प्लेटफॉर्म पर किराए पर लेकर या खरीदकर देख सकते हैं। इससे फैंस को आधिकारिक ओटीटी रिलीज से पहले ही फिल्म देखने का मौका मिलेगा।
ओटीटी रिलीज को लेकर क्या है अपडेट
फिल्म की ओटीटी रिलीज को लेकर अभी आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ अप्रैल से जून 2026 के बीच स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर आ सकती है। ग्लोबली यह फिल्म डिजी+ पर रिलीज हो सकती है, जो इस फ्रेंचाइजी का प्रमुख प्लेटफॉर्म माना जाता है। वहीं भारत में इसके जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होने की संभावना जताई जा रही है।
ऑस्कर में भी लहराया परचम
जेम्स कैमरून के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर ही नहीं, बल्कि अवॉर्ड्स में भी शानदार प्रदर्शन किया। ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ ने 98वें ऑस्कर अवॉर्ड्स में बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स का खिताब अपने नाम किया, जो इसकी तकनीकी मजबूती और भव्यता को दर्शाता है।
बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई
‘अवतार’ सीरीज की इस तीसरी फिल्म ने दुनियाभर में 1 बिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई की और अंत में करीब 1.48 बिलियन डॉलर का कलेक्शन किया। यह फिल्म साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल रही, जिसने एक बार फिर इस फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता साबित कर दी।