सपा में रहेंगे या बसपा में जाएंगे? इस सवाल पर आजम खान ने दिया ये जवाब

0 121

लखनऊ: सपा नेता आजम खान की रिहाई के बाद सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। सियासत में उनका अगला कदम क्या होगा, इसे लेकर तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। रिहाई के बाद मंगलवार को रामपुर जाने के दौरान बरेली में जब पत्रकारों ने उनसे सवाल किया तो आजम खान ने सधा हुआ जवाब दिया। सीतापुर जेल से छूटे सपा नेता आजम खान का बरेली आने पर भव्य स्वागत किया गया। सीबीगंज में झुमका तिराहे पर सपा की महानगर व जिला इकाई के पदाधिकारियों ने आजम खान को फूल-मालाएं पहनाईं। जेल के ताले टूट गए, आजम खान छूट गए जैसे नारे लगाए।

पहले अपना इलाज कराऊंगा : आजम
पत्रकारों ने झुमका चौराहे पर आजम खान से बात करने की कोशिश की, लेकिन उनकी कार रुकी नहीं। धीमे धीमे चलती कार के सहारे पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि मोदी-योगी सरकार के बारे में क्या कहेंगे। तब आजम खान ने कहा कि वह अभी जेल से निकले हैं, क्या कह सकते हैं। फिर सवाल किया गया कि आप सपा में रहेंगे या बसपा में जा सकते हैं। इस पर आजम खान ने दोबारा से सधा हुआ जवाब दिया कि पहले अपना इलाज कराऊंगा।

आजम की रिहाई से सपाइयों में खुशी
करीब 23 महीने बाद आजम खान की रिहाई से सपाइयों में खुशी की लहर दौड़ गई। झुमका चौराहे पर महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप के साथ ही पूर्व विधायक सुल्तान बेग, सरफराज बली खां, रविंद्र सिंह यादव, मनोहर पटेल, खालिद खां, बृजेश श्रीवास्तव आदि लोगों ने आजम खान का स्वागत किया। कई कारों के काफिले से आजम खां सीतापुर से रामपुर की ओर निकले।

आजम खां शारीरिक रूप से कमजोर व थके हुए लग रहे थे। उन्होंने कार के अंदर से ही अभिवादन स्वीकार कर लोगों को शुक्रिया कहा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के भ्रष्टाचार के सामने निर्दोषों को बेवजह सजा देने का षड्यंत्र अब नहीं चलेगा। इससे पहले फरीदपुर और आगे फतेहगंज पश्चिमी व मीरगंज में सपाइयों ने आजम खान का स्वागत किया।

सपा महानगर कार्यालय पर बांटी मिठाई
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी के महानगर कार्यालय में मिठाई बांटकर और आतिशबाजी कर जश्न मनाया गया। महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और नेता यहां मौजूद रहे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.