1200 दिन से टेस्ट शतक का इंतजार कर रहे बाबर आजम, बांग्लादेश दौरे पर टूटेगा सूखा या फिर बढ़ेगा दबाव?

0 25

पाकिस्तान क्रिकेट टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के तहत अपनी अगली टेस्ट सीरीज खेलने के लिए बांग्लादेश पहुंच चुकी है। दोनों टीमों के बीच 8 मई से दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू हो रही है, जिसका पहला मुकाबला ढाका के शेर ए बांग्ला स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीरीज में सबसे ज्यादा नजरें पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम पर टिकी रहने वाली हैं, जिनका टेस्ट क्रिकेट में लंबे समय से बल्ला खामोश नजर आया है।

पाकिस्तानी टीम पिछली बार जब बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने उतरी थी, तब उसे दोनों मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में इस बार टीम के साथ-साथ बाबर आजम पर भी खुद को साबित करने का दबाव साफ तौर पर दिखाई देगा।

2022 में लगाया था आखिरी टेस्ट शतक

एक समय पाकिस्तान टेस्ट टीम की कप्तानी संभाल चुके बाबर आजम का प्रदर्शन पिछले कुछ समय में उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है। यही वजह रही कि टीम के खराब प्रदर्शन के साथ-साथ उनके व्यक्तिगत फॉर्म को लेकर भी लगातार सवाल उठते रहे।

बाबर आजम ने टेस्ट क्रिकेट में अपना पिछला शतक साल 2022 में लगाया था। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ कराची में खेले गए मुकाबले में 161 रनों की शानदार पारी खेली थी। इसके बाद से अब तक 1200 से अधिक दिन बीत चुके हैं, लेकिन बाबर टेस्ट क्रिकेट में दोबारा शतक लगाने में सफल नहीं हो पाए हैं।

इस दौरान बाबर ने 15 टेस्ट मैच खेले, लेकिन उनके बल्ले से एक भी शतकीय पारी नहीं निकली। हालांकि इस अवधि में उन्होंने चार अर्धशतक जरूर लगाए, लेकिन बड़ी पारी खेलने में लगातार नाकाम रहे। ऐसे में बांग्लादेश दौरा उनके टेस्ट करियर के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

बांग्लादेश के खिलाफ मजबूत रहा है रिकॉर्ड

अगर टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश के खिलाफ बाबर आजम के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो उनके आंकड़े काफी अच्छे दिखाई देते हैं। बाबर ने अब तक बांग्लादेश के खिलाफ 5 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनकी 8 पारियों में उन्होंने 43.71 की औसत से 306 रन बनाए हैं।

इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और एक अर्धशतक भी देखने को मिला है। हालांकि एक पारी में वह बिना खाता खोले आउट भी हुए थे। आंकड़ों के लिहाज से बांग्लादेश के खिलाफ बाबर का प्रदर्शन मजबूत रहा है, लेकिन मौजूदा फॉर्म को देखते हुए इस सीरीज में उनकी हर पारी पर क्रिकेट फैंस और विशेषज्ञों की नजर रहने वाली है।

पाकिस्तान के लिए अहम होगी बाबर की वापसी

पाकिस्तान टीम के मध्यक्रम की जिम्मेदारी एक बार फिर बाबर आजम के कंधों पर रहने वाली है। टीम प्रबंधन को उम्मीद होगी कि अनुभवी बल्लेबाज इस सीरीज में बड़ी पारी खेलकर अपनी खोई लय हासिल करें और आलोचकों को जवाब दें।

अब देखना दिलचस्प होगा कि ढाका की पिच पर बाबर आजम अपने लंबे शतक के इंतजार को खत्म कर पाते हैं या फिर उनका खराब दौर आगे भी जारी रहता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.