दिल्ली वालों के लिए बुरी खबर! अगले दो दिन आसमान से बरसेगी आफत, भारी बारिश का अलर्ट जारी

0 159

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में बाढ़ के हालात तेजी से बिगड़ते जा रहे हैं। बुधवार शाम तक यमुना नदी का जलस्तर 207.33 मीटर तक पहुंच गया, जो वर्ष 2013 के रिकॉर्ड स्तर को पार कर चुका है। केंद्रीय जल आयोग ने ताज़ा एडवाइजरी जारी करते हुए चेतावनी दी है कि यमुना का जलस्तर रात 8 बजे तक 207.40 मीटर तक पहुंच सकता है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा और अधिक बढ़ गया है।

निगमबोध घाट पर बंद हुआ अंतिम संस्कार
दिल्ली का सबसे बड़ा श्मशान घाट निगमबोध घाट बाढ़ की चपेट में आ गया है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि घाट पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी तरह बंद कर दी गई है। जहां सामान्य दिनों में प्रतिदिन 55 से 60 अंतिम संस्कार होते थे, वहां अब पानी भरने से चिताओं की आग भी बुझ गई है।

मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR में अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सफदरजंग, कश्मीरी गेट, कनॉट प्लेस, इंडिया गेट सहित राजधानी के कई इलाकों में भारी बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश और बाढ़ के चलते हवाई यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। Flightradar24 के अनुसार, शाम 5 बजे तक दिल्ली एयरपोर्ट पर 273 उड़ानों के प्रस्थान और 73 आगमन में देरी हुई है।

आईएसबीटी से दिल्ली विधानसभा की ओर जाने वाली सड़क के लगभग 500 मीटर हिस्से में सिर्फ एक लेन से ही वाहन गुजर पा रहे हैं। मोनेस्ट्री की ओर से निगमबोध घाट जाने वाली सड़क पर भी एक लेन में यमुना का पानी भरा हुआ है, जिससे आवाजाही मुश्किल हो गई है।

ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। मजनू का टीला से सलीमगढ़ बाईपास तक आउटर रिंग रोड पर यातायात बुरी तरह प्रभावित है। वज़ीराबाद-सिग्नेचर ब्रिज और चंदगी राम अखाड़ा से आई.पी. कॉलेज रेड लाइट तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे इन मार्गों से बचें, वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें, सड़क किनारे पार्किंग से परहेज करें और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.